नगर पंचायत नगरी में विकास की नई बयार, 78 लाख 65 हजार रूपये के छह कार्यों को मिली स्वीकृति
नगर में अविरल बहेगी विकास की धारा, जनप्रतिनिधियों ने जताया आभार
नगरी। नगर पंचायत नगरी में विकास की रफ्तार अब और तेज होने जा रही है। शासन स्तर से 78 लाख 65 हजार रुपये के छह महत्वपूर्ण विकास कार्यों की स्वीकृति मिलने के साथ ही नगर में विकास की नई बयार बहने लगी है। इससे पहले भी नगर पंचायत क्षेत्र में कई योजनाएँ स्वीकृत होकर पूर्ण हो चुकी हैं, जिनसे नगर का स्वरूप लगातार बदल रहा है।
नेतृत्व और प्रयासों का मिला फल
नगर पंचायत अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा के लगातार प्रयासों और विकास परक दृष्टिकोण का परिणाम है कि नगरी को यह बड़ी सौगात मिली है। अध्यक्ष छाबड़ा ने बताया कि नगरीय निकाय मंत्री एवं उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने नगरी के विकास हेतु विशेष रुचि दिखाई, जिसके चलते छह निर्माण कार्यों की मंजूरी संभव हो पाई।
उन्होंने कहा कि धमतरी जिले के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर की विकासशील सोच, जिला अध्यक्ष प्रकाश बैस, पूर्व विधायक पिंकी शिवराज शाह व श्रवण मरकाम के सहयोग तथा धमतरी नगर निगम महापौर रामु रोहरा के मार्गदर्शन ने इस उपलब्धि में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
अध्यक्ष व उपाध्यक्ष ने दी बड़ी सौगात की झलक
नगर पंचायत अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा व उपाध्यक्ष विकास बोहरा ने बताया कि आने वाले समय में नगरी को और भी बड़े विकास कार्यों की सौगात मिलने वाली है। उन्होंने कहा कि पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर का सपना है कि नगरी नगर पंचायत प्रदेश में एक पूर्ण विकसित और आदर्श नगरी बने। इसी सपने को साकार करने हेतु जनप्रतिनिधियों और संगठन का साथ निरंतर मिल रहा है, जिससे नगर विकास की दिशा में एक नया इतिहास लिखा जाएगा।
स्वीकृत हुए छह प्रमुख निर्माण कार्य
प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं नगरीय निकाय मंत्री अरुण साव द्वारा स्वीकृत छह विकास कार्य इस प्रकार हैं—
- वार्ड क्रमांक 15 – माता तालाब सौंदर्यीकरण : 39 लाख 25 हजार रुपये
- वार्ड क्रमांक 1, 5, 7, 8, 13 एवं 14 – बोर खनन कार्य : 7 लाख 30 हजार रुपये
- वार्ड क्रमांक 1 – पम्प हाउस एवं शौचालय निर्माण : 1 लाख 86 हजार रुपये
- वार्ड क्रमांक 4 – पम्प हाउस एवं शौचालय निर्माण : 2 लाख 27 हजार रुपये
- वार्ड क्रमांक 8 – मंडी के सामने सीसी रोड निर्माण : 14 लाख 45 हजार रुपये
- वार्ड क्रमांक 14 – डामरीकरण कार्य : 13 लाख 52 हजार रुपये
इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से नगर के बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलेगी और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
नगर पंचायत परिवार ने जताया आभार
नगरी को लाखों रुपये की इस विकास सौगात मिलने पर नगर पंचायत के सभी सभापति, पार्षद एवं जनप्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उपमुख्यमंत्री अरुण साव तथा सभी वरिष्ठ नेताओं के प्रति आभार व्यक्त किया है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले समय में नगरी और अधिक विकसित एवं सुदृढ़ स्वरूप में नजर आएगा।
नगरी के विकास में मिले इस नए अध्याय को लेकर नगरवासियों में भी उत्साह का माहौल है।

