बहुद्देश्यीय केंद्रों से सुदृढ़ होगा जनजातीय विकास : कलेक्टर ने किया बोईरगांव केंद्र का अवलोकन
आदिवासी समाज के प्रमुख जनों से की चर्चा, विकास की जरूरतों पर लिया फीडबैक
उत्तम साहू
धमतरी, 04 दिसंबर 2025। भारत सरकार के जनजातीय कार्य मंत्रालय द्वारा जनजातीय क्षेत्रों में स्थापित बहुद्देश्यीय केंद्र अब ग्रामीण विकास के नए आयाम खोल रहे हैं। इन केंद्रों में बहुउद्देशीय हॉल, आंगनवाड़ी, आदिवासी सहायता एवं मार्गदर्शन (AAM) केंद्र सहित सामुदायिक सेवाओं की सभी मूलभूत सुविधाएँ उपलब्ध कराई जा रही हैं। बीते 15 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशभर में निर्मित ऐसे मल्टीपरपज सेंटरों का वर्चुअल लोकार्पण किया था।
इसी कड़ी में आज धमतरी जिले के नगरी विकासखंड के ग्राम बोईरगांव में कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा पहुंचे और नव-निर्मित बहुद्देश्यीय केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने भवन की संरचना, उपयोगिता और समुदाय के लिए उपलब्ध कराई गई सुविधाओं का विस्तार से अवलोकन किया।
बैठक के दौरान कलेक्टर ने आदिवासी समाज के प्रमुख जनों से उनकी आवश्यकताओं, स्थानीय समस्याओं तथा क्षेत्र की मूलभूत जरूरतों पर चर्चा की। उन्होंने आंगनवाड़ी केंद्र को बच्चों के लिए ज्ञानवर्धक खेल–खिलौने और शैक्षणिक सामग्री भेंट की।
ग्रामीणों से संवाद करते हुए कलेक्टर ने आजीविका संवर्धन, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं, स्वच्छता तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभांवित करने के विषय में फीडबैक लिया। उन्होंने कहा कि बहुद्देश्यीय केंद्रों के माध्यम से सामुदायिक गतिविधियाँ सुदृढ़ होंगी और रोजगार एवं आजीविका के नए अवसर उपलब्ध होंगे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि केंद्र का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित कर ग्रामीणों को इसके प्रति जागरूक किया जाए।
कलेक्टर ने बताया कि सरकार जनजातीय क्षेत्रों में सड़क, पेयजल, बिजली, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाओं का विस्तार प्राथमिकता से कर रही है। जंगल आधारित आजीविका, कृषि और लघु वन उपज के मूल्य संवर्धन को बढ़ावा देकर आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि भारत सरकार द्वारा शुरू किया गया प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महाअभियान दूरस्थ व वंचित जनजातीय क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार, जीवन स्तर सुधार और विकास की मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
कार्यक्रम में एसडीएम नगरी सुश्री प्रीति दुर्गम, सहायक आयुक्त आदिम जाति विकास श्री विमल कुमार साहू, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास श्रीमती जगरानी इक्का, डीपीएम प्रिया, सरपंच जीवन नाग, ब्लॉक अधिकारी एवं ग्रामीण बड़ी संख्या में मौजूद रहे।



