ट्रेन के चपेट में आया तेंदुआ मौके पर मौत.वन्य प्राणियों के सुरक्षा पर सवाल
बिलासपुर रेल मंडल के बिलासपुर–कटनी सेक्शन में शुक्रवार की सुबह एक दर्दनाक दृश्य सामने आया। अनूपपुर और जैतहरी रेलवे स्टेशन के बीच, बेलिया रेल क्रॉसिंग के पास एक तेंदुआ रेलवे ट्रैक पर आ गया और तेज़ रफ्तार मालगाड़ी की चपेट में आकर उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद मालगाड़ी को तत्काल रोकना पड़ा। इंजन के अगले हिस्से को भी नुकसान पहुंचा, जिससे ट्रेन करीब 30 से 45 मिनट तक वहीं खड़ी रही। इस दौरान जंगल के बीच से गुजरती पटरियों पर सन्नाटा पसरा रहा।
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक भनवारटंक स्टेशन के आगे से अनूपपुर और जैतहरी तक का इलाका घने जंगलों से घिरा है। यहां बाघ, तेंदुआ और अन्य वन्यप्राणी अक्सर विचरण करते हैं। बाउंड्रीवाल न होने के कारण कई बार जानवर भटककर रेलवे ट्रैक पर आ जाते हैं और ऐसी दुर्घटनाएं हो जाती हैं। इससे न सिर्फ वन्यजीवों की जान जाती है, बल्कि ट्रेन परिचालन में भी परेशानी खड़ी हो जाती है।
घटना की जानकारी स्थानीय लोगों ने दी, जिसके बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और पंचनामा किया गया। तेंदुए के पोस्टमार्टम के लिए बांधवगढ़ से विशेषज्ञ टीम बुलाई गई है। प्रक्रिया पूरी होने के बाद अंतिम संस्कार किया जाएगा।
यह घटना एक बार फिर इस सवाल को सामने लाती है कि जंगलों से गुजरने वाली रेल लाइनों पर वन्यप्राणियों की सुरक्षा के लिए ठोस इंतज़ाम कब होंगे।

