धमतरी में नशेड़ियों का आतंक: शराब के लिए पैसे नहीं देने पर युवक पर जानलेवा हमला
उत्तम साहू
धमतरी: धमतरी शहर में नशेड़ियों का आतंक बढ़ता जा रहा है, जिससे स्थानीय निवासी बेहद परेशान हैं। नशा करने वाले युवक आए दिन राहगीरों से पैसों की मांग करते हैं और मना करने पर उन पर हमला करने से भी नहीं हिचकते। ऐसी ही एक खौफनाक घटना शुक्रवार शाम कांटा तालाब के पास घटित हुई।
क्या है पूरा मामला?
लक्ष्मी नारायण ध्रुव द्वारा कोतवाली थाने में दर्ज कराई गई रिपोर्ट के अनुसार, 26 दिसंबर की शाम करीब 7 बजे उनका बेटा, दिलेश ध्रुव, अपनी बुआ को छोड़ने पोस्ट ऑफिस वार्ड गया था। वापस लौटते समय कांटा तालाब के पास बिट्टू नामक युवक ने अपने साथियों के साथ उसे रोका और शराब पीने के लिए पैसों की मांग की।
जब दिलेश ने पैसे देने से मना किया, तो आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और जान से मारने की धमकी देते हुए मारपीट की। इस दौरान आरोपी बिट्टू ने किसी धारदार नुकीली वस्तु से दिलेश पर हमला कर दिया, जिससे उसके बाएं पैर की जांघ और बाएं हाथ में गंभीर चोटें आई हैं। घायल युवक को उपचार के लिए जिला अस्पताल धमतरी में भर्ती कराया गया है।
पुलिसिया कार्यवाही
लक्ष्मी नारायण ध्रुव की शिकायत पर सिटी कोतवाली पुलिस ने आरोपी बिट्टू और उसके साथियों के खिलाफ धारा: 118(1), 351(2), 119(1), 296, और 3(5)। के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने बीएनएस (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है:

