वीर बाल दिवस पर साहिबजादों को श्रद्धांजलि, नगरी में गूंजा बलिदान का संदेश
उत्तम साहू
नगरी। नगर पंचायत नगरी के बजरंग चौक में हिंदू संगठनों के तत्वावधान में वीर बाल दिवस श्रद्धा, सम्मान और गौरव के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में गुरु गोबिंद सिंह जी के सुपुत्र साहिबजादा जोरावर सिंह जी एवं साहिबजादा फतेह सिंह जी के छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर दीप प्रज्वलित किया गया तथा उनके अदम्य साहस, अटूट आस्था और सर्वोच्च बलिदान को नमन किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि
“सूरा सो पहचानिए, जो लड़े दीन के हेत,
पुरजा-पुरजा कट मरे, कबहूं न छोड़े खेत।”
ये पंक्तियाँ उन वीर बालकों के अद्वितीय शौर्य का प्रतीक हैं, जिन्होंने मात्र 7 और 9 वर्ष की अल्पायु में अत्याचार के सामने झुकने के बजाय धर्म, सत्य और स्वाभिमान की रक्षा के लिए अपने प्राणों का उत्सर्ग कर दिया। वक्ताओं ने कहा कि दीवारों में जीवित चुन दिए जाने जैसे अमानवीय अत्याचार सहने के बावजूद भी साहिबजादों ने अपने धर्म और सिद्धांतों से कोई समझौता नहीं किया।
वक्ताओं ने आगे कहा कि साहिबजादों का बलिदान आने वाली पीढ़ियों के लिए अमूल्य प्रेरणास्रोत है। उनके जीवन से यह संदेश मिलता है कि साहस, सत्य और धर्म की रक्षा की कोई उम्र नहीं होती। देश सदैव इन वीर पुत्रों का ऋणी रहेगा और उनके बलिदान की गाथा प्रत्येक बच्चे तक पहुँचना आवश्यक है, ताकि उनमें राष्ट्रप्रेम, आत्मसम्मान और नैतिक मूल्यों का विकास हो सके।
इस अवसर पर नगर अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा, गोकुल देवगन, पूर्व जनपद अध्यक्ष दिनेश्वरी नेताम, भाजपा महामंत्री रुपेंद्र साहू, सरपंच नरसिंग मरकाम, पूर्व सरपंच महेंद्र नेताम, राकेश नारंग, बिलू कोठारी, जसपाल खनूजा, भावेश चोपड़ा, जानू तिवारी, अशोक संचेती, खेमेन्द्र साहू, कलम डागा, शंकर देव, देवेंद्र साहू, निखिल नेताम, एस. कुमार साहू, प्रतिभा देवगन सहित बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन देशभक्ति, वीरता और राष्ट्रीय एकता की भावना के साथ किया गया।

