चैतमा धान उपार्जन केंद्र का जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण कोरबा द्वारा निरीक्षण, ऑनलाइन टोकन व सर्वर समस्या से किसान परेशान
पाली/कोरबा। ज्ञान शंकर तिवारी की रिपोर्ट
धान कटाई के बाद अपनी मेहनत की कमाई बेचने पहुंचे किसानों को ऑनलाइन टोकन और सर्वर डाउन की समस्या से जूझना पड़ रहा है। किसानों की इन बढ़ती परेशानियों को देखते हुए प्रदेश कांग्रेस कमेटी रायपुर के निर्देश पर जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण कोरबा के अध्यक्ष मनोज चौहान द्वारा जिले के सभी धान उपार्जन केंद्रों का सघन निरीक्षण किया जा रहा है।
इसी क्रम में आज दिनांक 09/12/2025 को धान उपार्जन केंद्र चैतमा (गोपालपुर) का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान अध्यक्ष मनोज चौहान ने धान बेचने आए किसानों से चर्चा कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली। किसानों ने बताया कि ऑनलाइन टोकन जनरेट नहीं हो पा रहा है और ऑफलाइन प्रक्रिया में सर्वर बार-बार डाउन होने से उन्हें लंबा इंतजार करना पड़ रहा है।
अध्यक्ष चौहान ने केंद्र में कार्यरत हमालों से भी बातचीत कर उन्हें मिलने वाली मजदूरी एवं कार्य व्यवस्था की जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने आदिम जाति सेवा सहकारी समिति चैतमा (पंजीयन क्र. 3050) के प्रभारी प्रबंधक को समस्याओं का तत्काल समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मुख्य रूप से डी. के. आदिले, अमूंदलाल भैय्या, पराग मरावी सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
किसानों ने उम्मीद जताई है कि जिला कांग्रेस कमेटी के निरीक्षण के बाद उनकी समस्याओं का शीघ्र समाधान होगा।

