बांस शिल्प प्रशिक्षण का सफल समापन
उत्तम साहू
नगरी/ धमतरी जिले के वनांचल क्षेत्र के आदिवासी बाहुल्य ग्राम आमगांव में वस्त्र मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा संचालित सहायक निदेशक हस्तशिल्प के मार्गदर्शन में केन एवं बाँस शिल्प प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। यह प्रशिक्षण दो माह तक चला, जिसमें क्षेत्र के 30 आदिवासी शिल्पियों ने भाग लेकर कौशल-विकास का लाभ उठाया।
प्रशिक्षण में नेशनल अवॉर्डी मास्टर ट्रेनर श्रीवास मलिक ने प्रतिभागियों को विभिन्न शिल्प तकनीकों का प्रशिक्षण प्रदान किया। इस कार्यक्रम का संचालन नगरी प्रगति तकनीकी सेवा संस्थान, धमतरी द्वारा किया गया। संस्था के संचालक रोशन कुमार साहू ने बताया कि प्रशिक्षण के उपरांत लाभार्थियों द्वारा निर्मित हस्तशिल्पों के विक्रय हेतु वस्त्र मंत्रालय द्वारा समय-समय पर शिल्प मेलों का आयोजन किया जाता है, जहां शिल्पियों को निःशुल्क स्टॉल उपलब्ध कराए जाते हैं।
क्षेत्र की विधायक अंबिका मरकाम तथा पूर्व विधायक डॉ. लक्ष्मी ध्रुव ने ग्राम आमगांव में आयोजित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम की सराहना करते हुए सभी हितग्राहियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

