तालाब किनारे विवाद में युवक की हत्या, कुरूद पुलिस ने तीन आरोपी दबोचे
सेमरा बी में 7 दिसंबर की रात वारदात • मुख्य आरोपी चंद्रशेखर साहू उर्फ जॉनी और झन्नु ध्रुव जेल भेजे गए
उत्तम साहू
धमतरी। ग्राम सेमरा बी में तालाब किनारे हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और 23 वर्षीय युवक रोहित नाग की जान ले ली। घटना के महज कुछ घंटे बाद ही कुरूद पुलिस सक्रिय हुई और तीन आरोपियों को दबोच लिया। मुख्य आरोपी चंद्रशेखर उर्फ जॉनी साहू, झन्नु ध्रुव और एक नाबालिग को गिरफ्तार कर न्यायिक कार्यवाही की गई है।
घटना 7 दिसंबर की रात करीब 10 बजे की है। स्थानीय लोगों के बीच हो रहे गाली-गलौज का रोहित नाग ने विरोध किया तो विवाद बढ़ गया। आरोप है कि चंद्रशेखर साहू, झन्नु ध्रुव और अन्य साथियों ने उसे पकड़कर हाथ-मुक्का, लोहे के पाइप और चाकू से बेरहमी से हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुँचे परिजनों को भी आरोपियों ने एयर पिस्टल दिखाकर धमकाया।
गंभीर रूप से घायल रोहित को किश्चन अस्पताल ले जाया गया जहां 8 दिसंबर की रात इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर पंचनामा और पोस्टमार्टम कराया। मर्ग जांच के बाद आरोपियों के खिलाफ धारा 103(1), 3(5) बीएनएस एवं 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया गया।
जांच में मिली अहम सुराग
घटना स्थल के निरीक्षण में पुलिस को कई आपत्तिजनक सामान मिले जिन्हें जप्त किया गया। पूछताछ में आरोपियों ने वारदात स्वीकार कर ली। उनके कब्जे से एक्टिवा वाहन व हथियार भी बरामद किए गए। नाबालिग आरोपी को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया गया है। वहीं, कुछ अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
गिरफ्तार आरोपी
- चंद्रशेखर उर्फ जॉनी साहू, पिता टुकेश साहू, उम्र 25 वर्ष, निवासी – दोनर, थाना अर्जुनी
- झन्नु ध्रुव, पिता नंदकुमार ध्रुव, उम्र 24 वर्ष, निवासी – दोनर, थाना अर्जुनी
कुरूद पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना की जा रही है।

