कांटा कुर्रीडिही में सड़क सुरक्षा एवं नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम
एनएसएस छात्रों व स्कूली बच्चों ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा
उत्तम साहू
धमतरी। युवाओं में सड़क सुरक्षा और नशा मुक्ति के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से धमतरी पुलिस द्वारा बुधवार को ग्राम कांटा कुर्रीडिही में ट्रैफिक अवेयरनेस कार्यक्रम आयोजित किया गया। एसपी धमतरी के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम में भोपाल राव पवार पॉलिटेक्निक कॉलेज के एनएसएस छात्र-छात्राओं तथा स्थानीय स्कूलों के बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान यातायात शाखा के अधिकारियों ने प्रतिभागियों को सड़क सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं की जानकारी दी।
अधिकारियों ने सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, सुरक्षित ड्राइविंग, हेलमेट और सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग, वाहन चलाते समय मोबाइल से दूरी, तथा यातायात संकेतों के पालन जैसे विषयों पर विस्तृत मार्गदर्शन दिया। साथ ही सड़क पर अपनाई जाने वाली छोटी-छोटी सावधानियों से बड़े हादसों को रोकने के व्यावहारिक उपाय भी बताए।
नशा मुक्ति सत्र के दौरान अधिकारियों ने युवाओं को नशे के दुष्प्रभाव, स्वास्थ्य पर पड़ने वाली हानियों तथा परिवार और समाज पर पड़ने वाले नकारात्मक प्रभावों से अवगत कराया। नशे से दूरी बनाकर स्वस्थ और सुरक्षित भविष्य निर्माण की प्रेरणा भी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान छात्रों ने यातायात नियमों, कानूनी प्रावधानों और सुरक्षित सड़क व्यवहार से जुड़े कई प्रश्न पूछे, जिनका समाधान अधिकारियों ने सरल भाषा में दिया। बच्चों और युवाओं में सीखने की ललक देखते हुए पुलिस अधिकारियों ने कार्यक्रम को अत्यंत सफल बताया।
धमतरी पुलिस का कहना है कि जिले भर में ऐसे कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाते रहेंगे, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी आए और नशा मुक्त, सुरक्षित वातावरण का निर्माण हो सके।
कार्यक्रम में यातायात प्रभारी सहित यातायात स्टाफ, पॉलिटेक्निक कॉलेज के एनएसएस प्राध्यापक, ग्रामीण सरपंच, स्थानीय महिलाएँ, स्कूली छात्र और छोटे बच्चे बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

