अमलीडीह में क्षेत्रीय गोवर्धन पूजा एवं अहिर लोक प्रदर्शनी महोत्सव संपन्न
विधायक अंबिका मरकाम ने कहा – “यादव समाज मेहनत, संस्कृति और संगठन का प्रतीक”
उत्तम साहू
अमलीडीह (माडागिरीपोती), धमतरी। क्षेत्रीय स्तर पर आयोजित गोवर्धन पूजा एवं अहिर लोक प्रदर्शनी महोत्सव–2025 में सिहावा विधानसभा की विधायक श्रीमती अंबिका मरकाम मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। समाज के पदाधिकारियों एवं ग्रामीणों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
अपने विशेष उद्बोधन में विधायक मरकाम ने कहा कि यादव समाज प्रदेश की प्रगति में हमेशा से महत्वपूर्ण भूमिका निभाता आया है। कृषि, पशुपालन, सामाजिक एकता और सांस्कृतिक संरक्षण में समाज की पहचान मजबूत रही है। उन्होंने युवाओं को शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं, खेल तथा व्यवसाय में आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। साथ ही महिलाओं को सशक्त बनाने हेतु शासकीय योजनाओं का लाभ लेने पर जोर दिया।
उन्होंने कहा, “समाज की एकता और संगठन ही उसकी सबसे बड़ी शक्ति है। शासन की सभी कल्याणकारी योजनाएँ प्राथमिकता से समाज तक पहुँचें, इसके लिए मैं हमेशा प्रयासरत रहूँगी।”
कार्यक्रम में प्रमुख अतिथि के रूप में जनपद पंचायत नगरी के अध्यक्ष महेश गोटा उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों में बिरजू राम यादव (अध्यक्ष, गोवर्धन समिति), अखिलेश दुबे (अध्यक्ष, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी कुकरेल), संतोष कुमार कुंजाम, महेश गोटा (अध्यक्ष, जनपद पंचायत नगरी), कृष्ण कुंजाम, रामजी नेताम, भगवान सिंह यादव और कृष्ण यादव शामिल थे।
महोत्सव में गोवर्धन पूजा, यादव संस्कृति की आकर्षक प्रदर्शनी, युवा व महिला मंडल की सक्रिय भागीदारी तथा सामाजिक एकता, शिक्षा एवं विकास पर संवाद मुख्य आकर्षण रहे। अतिथियों ने समाज द्वारा किए जा रहे प्रगतिशील कार्यों की प्रशंसा की।
विधायक मरकाम ने कहा कि यदि समाज शिक्षा और आत्मनिर्भरता को प्राथमिकता देता रहा, तो आने वाली पीढ़ियाँ और भी मजबूत बनेंगी। उन्होंने समाज के सर्वांगीण विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
कार्यक्रम का समापन वरिष्ठों के आशीर्वचन और अतिथियों के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।

