हाथी के हमले से महिला की मौत, क्षेत्र में दहशत
पाली से ज्ञान शंकर तिवारी की रिपोर्ट
पाली। क्षेत्र में पिछले चार दिनों से डेरा जमाए हुए एक लोनर हाथी ने मंगलवार रात एक महिला की जान ले ली। घटना के बाद से आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगलवार रात्रि ग्राम पोटापानी सोनाईपुर में हाथी की मौजूदगी से ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। हाथी के गांव की ओर बढ़ने पर ग्रामीणों ने मशाल जलाकर और पटाखे फोड़कर उसे भगाने का प्रयास किया। इसी दौरान हाथी अचानक आक्रामक हो गया और मौके पर मौजूद वन विभाग की टीम को भी दौड़ा लिया, जिससे कुछ समय के लिए स्थिति और भयावह हो गई।
वन विभाग की टीम और ग्रामीणों के संयुक्त प्रयास से कड़ी मशक्कत के बाद हाथी को गांव की सीमा से बाहर खदेड़ दिया गया, जिससे ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। लेकिन यह राहत ज्यादा देर तक कायम नहीं रह सकी। गांव से निकलने के बाद हाथी रात में ही लीमपानी क्षेत्र की ओर पहुंच गया, जहां उसने एक महिला को कुचलकर मार डाला।
मृतका की पहचान फुलसुंदरी पति टीकैत राम (उम्र लगभग 50 वर्ष) के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई और ग्रामीणों में भय व आक्रोश व्याप्त हो गया।
सूचना पर वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू की गई। वन विभाग द्वारा हाथी की लगातार निगरानी की जा रही है और आसपास के गांवों के लोगों को सतर्क रहने की अपील की गई है।
लगातार हो रही हाथी की आवाजाही से ग्रामीण भयभीत हैं और वन विभाग से स्थायी समाधान की मांग कर रहे हैं।

