ग्राम सांकरा में मखाना उत्पादन को बढ़ावा देने एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित
उत्तम साहू
नगरी/ धमतरी। ग्राम सांकरा में मखाना उत्पादन को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आज दिनांक 17 दिसंबर 2025 को एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष माननीय श्री अरुण सार्वा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यशाला में जनपद सदस्य श्री राजेशनाथ गोसाई, ग्राम पंचायत के सरपंच एवं पंच, ग्रामीण प्रतिनिधि, उप संचालक उद्यान श्रीमती पूजा कश्यप साहू, केवीके से श्रीमती दीपिका चंद्रवंशी, कृषि विभाग के अधिकारी तथा 25 महिला स्व सहायता समूहों की सदस्याएं शामिल हुईं।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित कृषकों एवं महिला समूहों को मखाना खेती की तकनीकी जानकारी दी गई। साथ ही विभागीय योजना अंतर्गत 28,640 प्रति एकड़ अनुदान राशि की जानकारी भी साझा की गई।
इसके पश्चात अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा संयुक्त रूप से फील्ड निरीक्षण किया गया। निरीक्षण में पाया गया कि एक तालाब में लेवलिंग की आवश्यकता है, बड़े क्षेत्र में बंडिंग कराना जरूरी है, तालाबों की घास की साफ-सफाई करनी होगी तथा अधिक पानी वाले तालाबों से जल निकासी की व्यवस्था करनी होगी।
साथ ही मखाना उत्पादन हेतु इच्छुक कृषकों एवं महिला समूहों के चयन तथा उन्हें फील्ड विजिट करवाने पर भी चर्चा की गई।
अधिकारियों ने बताया कि मखाना रोपण का उपयुक्त समय दिसंबर एवं जनवरी माह होता है। समय की सीमित उपलब्धता को देखते हुए प्रारंभिक चरण में 40 से 50 एकड़ क्षेत्र में मखाना खेती प्रारंभ करने का निर्णय लिया गया है। यह कार्य कलेक्टर धमतरी श्री अबिनाश मिश्रा के निर्देशानुसार किया जा रहा है।




