एबीवीपी के प्रदेश सह मंत्री बने छात्र नेता आयुष कुमार शर्मा
कोरबा। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) छत्तीसगढ़ प्रदेश के 58वें प्रदेश अधिवेशन में प्रदेश कार्यसमिति की घोषणा की गई। इस अवसर पर कोरबा जिले के दीपका निवासी छात्र नेता आयुष कुमार शर्मा को छत्तीसगढ़ प्रदेश का प्रदेश सह मंत्री नियुक्त किया गया।
यह कोरबा जिले के लिए गौरव का विषय है, क्योंकि आयुष कुमार शर्मा जिले से ऐसे पहले छात्र नेता बने हैं जिन्हें विद्यार्थी परिषद में यह महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा गया है। संगठन ने उन पर विश्वास जताते हुए उन्हें रायगढ़ विभाग का विभाग संयोजक भी पुनः नियुक्त किया है। रायगढ़ विभाग के अंतर्गत कोरबा, रायगढ़, जांजगीर-चांपा, सक्ती एवं सारंगढ़ जिले शामिल हैं।
श्री शर्मा ने बी.कॉम. तक की शिक्षा पूर्ण कर ली है और वर्तमान में एलएलबी की पढ़ाई कर रहे हैं। उनका अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से जुड़ाव वर्ष 2018 से है। संगठन में रहते हुए उन्होंने कॉलेज अध्यक्ष, नगर सह मंत्री, नगर मंत्री, बिलासपुर महानगर भाग संयोजक, जिला संयोजक (कोरबा), प्रांत कार्यकारिणी सदस्य एवं प्रांत कार्यसमिति सदस्य जैसे अनेक दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया है।
उनकी इस उपलब्धि पर विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं, छात्रों एवं शुभचिंतकों में हर्ष का माहौल है। सभी ने उन्हें बधाई देते हुए विश्वास जताया है कि वे संगठन एवं छात्र हितों के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करेंगे।


