चंद सेकेंड और… बुझ सकती थीं दो ज़िंदगियां
चलती ट्रक में लगी आग, ड्राइवर-क्लीनर ने कूदकर बचाई जान
उत्तम साहू
धमतरी। कभी-कभी ज़िंदगी और मौत के बीच फ़ासला सिर्फ़ कुछ सेकेंड का होता है। कुरुद थाना क्षेत्र के भोथली रोड पर ऐसा ही मंजर देखने को मिला, जब चलती ट्रक अचानक आग का गोला बन गई। इंजन से उठता धुआं पल भर में लपटों में बदल गया। हालात इतने भयावह थे कि अगर ड्राइवर और क्लीनर एक पल भी देर करते, तो शायद यह खबर किसी और ही अंजाम के साथ लिखी जाती।
ट्रक चला रहे ड्राइवर ने जैसे ही इंजन से धुआं उठते देखा, दिल दहल उठा। इससे पहले कि कुछ समझ पाते, आग ने ट्रक के अगले हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। जान पर बन आई देख चालक ने हिम्मत दिखाई, गाड़ी को काबू में किया और ब्रेक लगाते ही क्लीनर के साथ कूद पड़ा। पीछे मुड़कर देखा तो उनकी रोज़ी-रोटी जलती लपटों में घिर चुकी थी।
आग के बीच बची सांसें
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कुछ ही मिनटों में ट्रक पूरी तरह आग की चपेट में आ गया। आसपास अन्य वाहन खड़े थे, पास ही बिजली के खंभे और तार भी मौजूद थे। लोगों की सांसें थम गई थीं कि कहीं आग और फैल न जाए। इसी बीच सूचना पाकर दमकल की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
बड़ा खतरा टला, पर ट्रक जलकर खाक
दमकलकर्मियों की तत्परता से एक बड़ा हादसा टल गया, लेकिन तब तक ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह जल चुका था। ट्रक में सरिया लोड था, जो आग की चपेट में आ गया।
कुरुद फायर ब्रिगेड के फायरमैन शत्रुघ्न निषाद ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट प्रतीत हो रही है। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।
हादसे के बाद खामोशी
आग बुझने के बाद सड़क पर अजीब सी खामोशी थी। ड्राइवर और क्लीनर एक-दूसरे को देखकर बस इतना कह पाए — “आज किस्मत ने साथ दे दिया।” आंखों में डर था, लेकिन जिंदा बच जाने की राहत उससे कहीं बड़ी।

