माखनपुर में पेयजल संकट गहराया, दो हैंडपंप बंद, ग्रामीण परेशान
पाली से ज्ञान शंकर तिवारी
पाली। ग्राम माखनपुर में बीते एक पखवाड़े से दो हैंडपंप बंद पड़े होने के कारण ग्रामीणों को गंभीर पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा है। पानी जैसी मूलभूत आवश्यकता के लिए ग्रामीणों को लंबी दूरी तय करनी पड़ रही है, जिससे बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को सबसे अधिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि गांव में पानी की समस्या दिन-ब-दिन विकराल रूप लेती जा रही है, लेकिन जिम्मेदार जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अमले का इस ओर अब तक कोई ध्यान नहीं गया है। सरपंच और सचिव पर उदासीनता का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने बताया कि कई बार शिकायत करने के बावजूद न तो हैंडपंपों की मरम्मत कराई गई और न ही कोई वैकल्पिक व्यवस्था की गई।
पानी की कमी के कारण ग्रामीणों को रोजमर्रा के कार्यों के लिए घंटों पानी जुटाने में लगाना पड़ रहा है। इससे बच्चों की पढ़ाई और महिलाओं के घरेलू कामकाज पर भी असर पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि चुनाव के समय जनप्रतिनिधि बड़े-बड़े वादे करते हैं, लेकिन चुनाव समाप्त होते ही जनता की समस्याओं से मुंह मोड़ लिया जाता है। जब जनप्रतिनिधि अपने दायित्वों का निर्वहन नहीं करते, तब गांवों में पानी, सड़क और बिजली जैसी मूलभूत समस्याएं सामने आती हैं।
ग्रामीणों ने मांग की है कि बंद पड़े हैंडपंपों को शीघ्र दुरुस्त कराया जाए और पेयजल समस्या का स्थायी समाधान निकाला जाए। ग्रामीणों को उम्मीद है कि प्रशासन उनकी आवाज सुनेगा और जल्द कार्रवाई कर गांव को इस संकट से राहत दिलाएगा।

