बाबा के बताए मार्ग पर चलकर ही बनेगा विकसित छत्तीसगढ़: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय
लालपुर में महाविद्यालय की घोषणा सहित विकास कार्यों की सौगात
उत्तम साहू
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि बाबा गुरु घासीदास द्वारा बताए गए सत्य, समानता और मानवता के मार्ग पर चलकर ही छत्तीसगढ़ को एक विकसित और समृद्ध राज्य बनाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार महापुरुषों के आदर्शों और सपनों के अनुरूप समतामूलक, न्यायपूर्ण और खुशहाल छत्तीसगढ़ के निर्माण के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री श्री साय आज मुंगेली जिले के लालपुर धाम में आयोजित गुरु घासीदास जयंती एवं तीन दिवसीय मेले के समापन समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने लालपुर में महाविद्यालय की स्थापना की घोषणा करते हुए क्षेत्रवासियों को विकास कार्यों की सौगात दी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बाबा गुरु घासीदास ने समाज को सत्य का मार्ग दिखाया और छुआछूत, भेदभाव जैसी कुरीतियों के विरुद्ध आवाज़ उठाई। उनके विचार आज भी समाज को एकता और समरसता का संदेश देते हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार बाबा के आदर्शों को जन-जन तक पहुँचाने और सामाजिक न्याय को मजबूत करने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री श्री साय ने मंदिर एवं जैतखाम में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की खुशहाली, समृद्धि और सुख-शांति की कामना की। उन्होंने कहा कि सरकार प्रत्येक पात्र किसान से धान खरीदी के लिए पूरी तरह संकल्पित है और किसानों के हित में हर आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
गुरु घासीदास जयंती के अवसर पर आयोजित इस तीन दिवसीय मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं अनुयायी उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने सभी को जयंती की शुभकामनाएं देते हुए सामाजिक एकता और भाईचारे को मजबूत करने का आह्वान किया।

