ग्रामसभा कोलियारी ने लिया नशामुक्ति का संकल्प
कच्ची शराब बनाने–बेचने पर लगेगा भारी जुर्माना, सूचना देने वालों को मिलेगा प्रोत्साहन
उत्तम साहू
नगरी/दुगली। नगरी विकासखंड के वनांचल क्षेत्र स्थित ग्राम पंचायत कोलियारी में सोमवार, 1 जनवरी को आयोजित विशेष ग्रामसभा में नशामुक्त ग्राम बनाने का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया। ग्राम में बढ़ते नशे के दुष्प्रभावों को देखते हुए ग्रामवासियों ने कठोर कदम उठाते हुए दंडात्मक नियम लागू करने पर पूर्ण समर्थन दिया।
ग्रामसभा द्वारा बनाए गए नियमों के अनुसार
- ग्राम में कोई भी व्यक्ति या परिवार कच्ची शराब बनाते पाया जाता है, तो उस पर 50,000 रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा।
- यदि कोई व्यक्ति शराब बेचते हुए पकड़ा जाता है, तो उसके विरुद्ध 60,000 रुपये की दंडात्मक कार्रवाई होगी।
- किसी भी ग्रामीण को सार्वजनिक अथवा सामाजिक स्थान पर शराब पीते पाया गया, तो उसे 30,000 रुपये का जुर्माना भरना होगा।
- वहीं, यदि कोई ग्रामीण इन गतिविधियों की सूचना ग्रामसभा को देता है, तो उसे 25,000 रुपये का प्रोत्साहन पुरस्कार प्रदान किया जाएगा।
ग्रामसभा में पारित यह महत्वपूर्ण संकल्प कोलियारी को नशामुक्त बनाने की दिशा में एक बड़ी पहल माना जा रहा है।
इस संबंध में जानकारी सरपंच मोनिका मंडावी, पूर्व सरपंच तुलसीराम मंडावी तथा उपसरपंच लोकेश कोर्राम ने दी।
विशेष ग्रामसभा में अध्यक्ष रामलाल तुमरेटी, उपाध्यक्ष भावसिंह कोर्राम, ग्राम पटेल जलसू राम कुंजाम, सोमरसिंह नेताम, चिंताराम नेताम, धनाजी कुंजाम, राधेलाल तुमरेटी सहित बड़ी संख्या में ग्रामसभा सदस्य उपस्थित रहे।
ग्रामवासियों द्वारा लिया गया यह सामूहिक संकल्प आने वाले समय में कोलियारी को नशामुक्त एवं अनुशासित ग्राम के रूप में स्थापित करने की दिशा में सराहनीय कदम माना जा रहा है।

