नगरी ब्लॉक के युवाओं को अग्निवीर भर्ती की तैयारी में मिला जिला प्रशासन का सशक्त संबल

0

 नगरी ब्लॉक के युवाओं को अग्निवीर भर्ती की तैयारी में मिला जिला प्रशासन का सशक्त संबल



उत्तम साहू 

धमतरी, नगरी 18 दिसंबर 2025/ धमतरी जिले के नगरी विकासखंड के युवाओं के लिए अग्निवीर भर्ती रैली की तैयारी को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा निःशुल्क फिजिकल एवं मेडिकल प्रशिक्षण का आयोजन किया जा रहा है। यह प्रशिक्षण 16 दिसंबर 2025 से 10 जनवरी 2026 तक प्रतिदिन प्रातः 5:30 बजे से 8:00 बजे तक ग्राम डमका डीह खेल मैदान, नगरी में संचालित होगा।

  इस विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम में विकासखंड नगरी एवं आसपास के वे सभी अभ्यर्थी सम्मिलित हो सकते हैं, जिन्होंने अग्निवीर भर्ती की लिखित परीक्षा उत्तीर्ण कर ली है, साथ ही वे युवा भी लाभ ले सकते हैं जो भविष्य में अग्निवीर भर्ती की तैयारी करना चाहते हैं। आगामी जनवरी माह में प्रस्तावित अग्निवीर भर्ती रैली को ध्यान में रखते हुए यह पहल युवाओं को शारीरिक एवं मानसिक रूप से सक्षम बनाने के उद्देश्य से की गई है।

प्रशिक्षण का संचालन सेवानिवृत्त सैन्य अधिकारी श्री मोहर लाल पटेल के साथ-साथ अनुभवी व्यायाम शिक्षकों श्री खेमराज साहू, श्री अशोक गजबल्ला एवं श्री कमलेश साहू द्वारा किया जा रहा है। प्रशिक्षण के माध्यम से पुरुष अभ्यर्थियों को अग्निवीर जनरल ड्यूटी, तकनीकी, क्लर्क, स्टोर कीपर एवं ट्रेड्समैन भर्ती से संबंधित शारीरिक दक्षता, मेडिकल परीक्षण एवं अन्य आवश्यक प्रक्रियाओं की व्यावहारिक जानकारी प्रदान की जा रही है।

उल्लेखनीय है कि शासकीय कॉलेज नगरी में आयोजित सेमिनार के दौरान युवाओं द्वारा लगातार फिजिकल प्रशिक्षण की मांग की जा रही थी। युवाओं की इस आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए माननीय जिला कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा के मार्गदर्शन में यह प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रारंभ किया गया है।

प्रशिक्षण हेतु नोडल अधिकारी के रूप में श्री रोहित बोरझा, मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायत नगरी तथा सहायक नोडल अधिकारी के रूप में श्री के.आर. साहू, बीईओ नगरी को जिम्मेदारी सौंपी गई है।

जिला प्रशासन ने अपील की है कि लिखित परीक्षा में उत्तीर्ण अभ्यर्थी एवं अग्निवीर भर्ती की तैयारी कर रहे युवा अधिक से अधिक संख्या में इस निःशुल्क प्रशिक्षण में सहभागिता करें, ताकि आगामी अग्निवीर भर्ती में ब्लॉक एवं जिले का सफलता प्रतिशत और अधिक बढ़ाया जा सके।

अधिक जानकारी के लिए मुख्य प्रशिक्षक श्री मोहर लाल पटेल (मोबाइल: 9575214487) से संपर्क किया जा सकता है।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !