कलेक्टर अबिनाश मिश्रा की जल संरक्षण पहल : धमतरी में ग्रीष्मकालीन धान के स्थान पर मूँगफली को बढ़ावा
उत्तम साहू
धमतरी। जिला प्रशासन एवं कलेक्टर अबिनाश मिश्रा की जल संरक्षण की पहल से धमतरी जिले में पहली बार ग्रीष्मकालीन धान के स्थान पर कम पानी में अधिक लाभ देने वाली तिलहन फसल मूँगफली को व्यापक रूप से अपनाया जा रहा है। इस दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम के रूप में विकासखण्ड मगरलोड के ग्राम बुडेनी में मूँगफली फसल के प्रदर्शन का निरीक्षण किया गया।
दिनांक 13 दिसंबर 2025 को आयोजित इस निरीक्षण कार्यक्रम में बताया गया कि यह प्रदर्शन राष्ट्रीय कृषि विकास योजना (RKVY) के अंतर्गत कृषि विभाग द्वारा संचालित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य जल संरक्षण को बढ़ावा देने के साथ-साथ किसानों की आय में वृद्धि एवं फसल विविधीकरण को प्रोत्साहित करना है।
निरीक्षण के दौरान श्री मनोज सागर, अनुविभागीय अधिकारी कृषि, धमतरी, श्री के.एस. नरेटी, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी,
श्री भागीरथी राठिया, कृषि विकास अधिकारी (ADO)
एवं श्री विजयकांत साहू, ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी (RAEO) उपस्थित रहे। अधिकारियों द्वारा फसल की वर्तमान स्थिति का अवलोकन किया गया तथा किसानों को उन्नत कृषि तकनीक, जल उपयोग दक्षता एवं फसल प्रबंधन से संबंधित आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया गया।
कृषि विभाग द्वारा इस पहल के अंतर्गत जिले में 50 हेक्टेयर क्षेत्र में मूँगफली फसल के प्रदर्शन को स्वीकृति दी गई है। योजना के तहत किसानों को DBT (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) माध्यम से अनुदान राशि उनके खातों में प्रदान की जाएगी। वर्तमान में लगभग 125 एकड़ क्षेत्र में मूँगफली की फसल लगाई जा रही है, जिसमें 119 किसानों को प्रदर्शन कार्यक्रम में शामिल किया गया है।
यह अभिनव पहल किसानों को पारंपरिक धान की खेती के स्थान पर तिलहन फसलों को अपनाने के लिए प्रेरित कर रही है। इससे न केवल जल संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि फसल विविधीकरण और किसानों की आर्थिक स्थिति में सुधार भी होगा। जिला प्रशासन द्वारा भविष्य में इस मॉडल को जिले के अन्य विकासखण्डों में भी विस्तारित करने की योजना बनाई जा रही है।

