धमतरी में जिला एवं विकासखण्ड स्तरीय गौधाम समिति की बैठक सम्पन्न
निराश्रित और घुमंतू पशुओं के संरक्षण हेतु प्रभावी रणनीति पर मंथन
उत्तम साहू
धमतरी, 09 दिसंबर 2025। कलेक्टर कार्यालय सभाकक्ष में सोमवार को जिला एवं विकासखण्ड स्तरीय गौधाम समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में गौधाम योजना के बेहतर क्रियान्वयन, निराश्रित व घुमंतू पशुओं के संरक्षण तथा आधुनिक सुविधाओं से युक्त गौधामों की स्थापना पर विस्तृत चर्चा हुई।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा ने कहा कि शासन की महत्वाकांक्षी गौधाम योजना के तहत अधिक से अधिक आवेदन तैयार किए जाएँ। उन्होंने कहा कि घुमंतू और बेसहारा पशुओं को सुरक्षित आश्रय व संरक्षण उपलब्ध कराना ही योजना का प्रमुख उद्देश्य है।
कलेक्टर अविनाश मिश्रा ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि ऐसे गौठानों का चयन किया जाए जहाँ पर्याप्त भूमि, पेयजल, बिजली तथा हरे चारे की उपलब्धता हो। इसके साथ ही सड़क दुर्घटना संभावित क्षेत्रों के समीप गौठानों को प्राथमिकता देने की बात भी कही गई, ताकि पशुओं के पुनर्वास में किसी प्रकार की कठिनाई न हो।
छत्तीसगढ़ राज्य गौसेवा आयोग की जिला समिति के अध्यक्ष हेमराज सोनी ने बताया कि निराश्रित पशुओं को आश्रय देने के साथ-साथ गौ-उत्पादों के माध्यम से ग्रामीणों को रोजगार उपलब्ध कराना और गोसेवा के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना योजना की प्रमुख प्राथमिकताएँ हैं।
पशुधन विभाग के अतिरिक्त उपसंचालक डॉ. टी.आर. वर्मा ने नस्ल सुधार पर जोर देते हुए ग्रामों में सांडों का बधियाकरण आवश्यक बताया। उन्होंने उन्नत नस्ल के हिमीकृत लिंग वर्गीकृत वीर्य के उपयोग से दुग्ध उत्पादन बढ़ाने की संभावनाओं की जानकारी दी।
वहीं डॉ. मरकाम ने बताया कि जिले में इच्छुक संस्थाओं से गौधाम संचालन के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। प्रथम चरण में राष्ट्रीय राजमार्ग के आसपास के ग्रामों में गौधाम स्थापित किए जाएंगे, जहाँ निराश्रित, घुमंतू एवं जप्त पशुओं का वैज्ञानिक पद्धति से संरक्षण, उपचार और पुनर्वास किया जाएगा। दुर्घटना में घायल व कमजोर पशुओं की देखभाल भी प्राथमिकता में रहेगी।
अंत में पशु चिकित्सक सहायक शल्यज्ञ प्रमोद कुमार ने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया।

