अनोखा देश जहां गाड़ियों का ‘ड्रेस कोड’ है सफेद—काला रंग दिखा तो कार सीधे जब्त!
दुनिया में अजीब कानूनों की कमी नहीं, लेकिन एक देश ऐसा भी है जहां कार खरीदने से पहले रंग की नहीं, सीधे किस्मत की जांच पड़ताल हो जाती है—क्योंकि वहां सिर्फ सफेद कारें ही सड़क पर उतरने की इजाजत रखती हैं! ज़रा भी गहरे रंग की कार दिखी तो समझ लीजिए, पुलिस का टो-ट्रक तुरंत दरवाजे पर हाजिर हो जाएगा।
सफेद संगमरमर से चमकता ‘ह्वाइट कैपिटल’
ये अनोखा देश है तुर्कमेनिस्तान, जिसकी राजधानी अश्गाबात को दुनिया “व्हाइट मार्बल सिटी” के नाम से जानती है। शहर ऐसा चमचमाता कि बादल भरे दिन में भी धूप का चश्मा पहनना मजबूरी बन जाए!
गिनीज़ बुक में दर्ज यह शहर 550 से ज्यादा सफेद संगमरमर की इमारतों की बदौलत दुनिया का सबसे चमकदार राजधानी शहर माना जाता है।
कारें भी हों सफेद—क्योंकि राष्ट्रपति को यही पसंद!
2018 में लागू हुए नियम के अनुसार अश्गाबात में कार का रंग भी शहर की तरह सफेद ही होना चाहिए। सफेद, सिल्वर या हल्का ग्रे छोड़कर किसी और रंग की कार देखने पर पुलिस सीधा कार्रवाई करती है।
बताया जाता है कि यह आदेश तत्कालीन राष्ट्रपति गुर्बांगुली बर्दीमुहामेदोव की सफेद रंग के प्रति दीवानगी से पैदा हुआ। पसंद इतनी कि पूरा शहर ही सफेद में रंगवा दिया और कारों का रंग भी।
नियम तोड़ा तो सजा कुछ यूं…
- काली या गहरे रंग की कार दिखी तो सीधी जब्ती
- मालिक पर भारी जुर्माना
- कार वापस तभी जब उसे सफेद रंग में पुनः पेंट करा दिया जाए
यानी अश्गाबात में कार चलानी है तो पहले उसे ‘ड्रेस कोड’ पहनाना जरूरी है—वो भी सिर्फ सफेद!
सिर्फ कार नहीं… पूरा शहर एक थीम में ढला
शहर में इमारतें, सरकारी दफ्तर, होटल, पार्क, यहां तक कि कई सार्वजनिक सजावट—सब सफेदी की परत में लिपटी हुई। नतीजा यह कि पर्यटक यहां पहुंचकर चमक से आंखें छोटी कर लेते हैं, और कैमरों के लेंस तक चकाचौंध हो जाते हैं।

