नए साल से ई-ऑफिस व आधार आधारित अटेंडेंस अनिवार्य, स्वास्थ्य–शिक्षा–धान उपार्जन पर कलेक्टर का विशेष फोकस
उत्तम साहू
धमतरी, 30 दिसंबर 2025। कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में समय-सीमा की बैठक आयोजित की गई। बैठक में शासन की प्राथमिक योजनाओं, विकास कार्यों की प्रगति एवं आगामी बजट वर्ष 2026-27 के लिए प्रस्तावों पर विस्तृत चर्चा की गई। कलेक्टर ने सभी जिला स्तरीय अधिकारियों को शासन के निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में कलेक्टर श्री मिश्रा ने बताया कि राज्य शासन के निर्देशानुसार पूरे प्रदेश में 1 जनवरी 2026 से ई-ऑफिस प्रणाली एवं आधार आधारित उपस्थिति व्यवस्था लागू की जा रही है। उन्होंने सभी कार्यालय प्रमुखों को निर्देशित किया कि अपने-अपने कार्यालयों में इसे समय पर लागू करें। यदि तकनीकी समस्या आती है तो संबंधित तकनीकी अधिकारियों से समन्वय कर शीघ्र समाधान सुनिश्चित करें।
बजट 2026-27 के लिए विकास प्रस्तावों पर चर्चा
बैठक में शासन के बजट वर्ष 2026-27 में शामिल किए जाने वाले प्रस्तावों पर विचार-विमर्श किया गया। कलेक्टर ने जिले के समग्र विकास को ध्यान में रखते हुए सभी विभागों से उनकी प्राथमिकताओं के अनुरूप ठोस एवं व्यवहारिक प्रस्ताव प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
स्वास्थ्य सेवाओं पर विशेष जोर
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने प्राथमिक एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में जीवनरक्षक दवाइयों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही स्वास्थ्य विभाग अंतर्गत संचालित निर्माण कार्यों को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने पर जोर दिया गया।
राजस्व मामलों के त्वरित निराकरण के निर्देश
कलेक्टर ने राजस्व प्रकरणों की समीक्षा करते हुए नामांतरण, बंटवारा एवं अन्य मामलों का समय-सीमा के भीतर निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
छात्रवृत्ति योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक विद्यार्थियों तक
शासन द्वारा संचालित विभिन्न छात्रवृत्ति योजनाओं की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अधिक से अधिक पात्र छात्र-छात्राओं को योजनाओं का लाभ दिलाया जाए, ताकि शिक्षा में किसी भी प्रकार की आर्थिक बाधा न रहे।
जर्जर विद्यालय भवनों के स्थान पर नए भवन
स्कूल शिक्षा विभाग के अंतर्गत अति जर्जर विद्यालय भवनों के स्थान पर नवीन भवन निर्माण एवं नए शैक्षणिक सेटअप से संबंधित प्रस्तावों पर विशेष जोर दिया गया। कलेक्टर ने कहा कि बच्चों को सुरक्षित और बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।
धान खरीदी एवं उठाव की प्रगति की समीक्षा
बैठक में धान खरीदी, धान उठाव तथा विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रगति की जानकारी ली गई। कलेक्टर ने उन समितियों से शीघ्र धान उठाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, जहां अधिक मात्रा में धान जमा हो गया है, ताकि खरीदी व्यवस्था सुचारू बनी रहे।
विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा
बैठक में पंचायती एवं ग्रामीण विकास, वन विभाग, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, महिला एवं बाल विकास, छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी, कौशल विकास, आदिवासी विकास, पशुपालन, मछली पालन, कृषि एवं उद्यानिकी सहित अन्य महत्वपूर्ण विभागों के कार्यों की क्रमवार समीक्षा की गई और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
मखाना एवं ऑयल सीड की खेती को बढ़ावा
कलेक्टर श्री मिश्रा ने जिले में मखाना एवं ऑयल सीड की खेती को प्रोत्साहित करने के लिए इसका व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश अधिकारियों को दिए, जिससे किसानों की आय में वृद्धि हो सके।
जल जीवन मिशन के कार्यों का निरीक्षण
जल जीवन मिशन के अंतर्गत पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने हेतु कलेक्टर ने पीएचई विभाग के इंजीनियरों की टीम गठित कर सभी गांवों में पेयजल व्यवस्थाओं का निरीक्षण करने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री गजेंद्र सिंह ठाकुर, अपर कलेक्टर श्रीमती इंदिरा देवहारी सहित जिले के विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।

