1 फरवरी को दो पालियों में होगी छत्तीसगढ़ शिक्षक पात्रता परीक्षा 2026

0

 


1 फरवरी को दो पालियों में होगी छत्तीसगढ़ शिक्षक पात्रता परीक्षा 2026
धमतरी जिले में 48 परीक्षा केंद्र, 8520 अभ्यर्थी होंगे शामिल



उत्तम साहू 

धमतरी, 23 जनवरी 2026। छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल, रायपुर द्वारा आगामी 1 फरवरी 2026 को छत्तीसगढ़ शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) 2026 का आयोजन जिले में दो पालियों में किया जाएगा। परीक्षा के सफल एवं सुव्यवस्थित संचालन के लिए जिला प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं।

कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा के निर्देश पर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। अपर कलेक्टर श्री पवन प्रेमी ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रथम पाली में प्राथमिक स्तर की परीक्षा होगी, जिसमें 5039 अभ्यर्थी शामिल होंगे। वहीं द्वितीय पाली में उच्च प्राथमिक स्तर की परीक्षा आयोजित की जाएगी, जिसमें 3481 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। इस प्रकार जिले में कुल 8520 अभ्यर्थी परीक्षा में सम्मिलित होंगे।

परीक्षा के लिए जिले में कुल 48 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इनमें प्रथम पाली के लिए 16 तथा द्वितीय पाली के लिए 32 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं। प्रथम पाली की परीक्षा प्रातः 9:30 बजे से प्रारंभ होगी, जिसके लिए परीक्षा केंद्र का मुख्य द्वार 9:00 बजे बंद कर दिया जाएगा। द्वितीय पाली की परीक्षा दोपहर 3:00 बजे से प्रारंभ होगी और प्रवेश द्वार 2:30 बजे बंद रहेगा। अभ्यर्थियों को परीक्षा प्रारंभ होने से कम से कम दो घंटे पूर्व परीक्षा केंद्र पहुंचना अनिवार्य होगा।

परीक्षा की पारदर्शिता एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कड़े दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। परीक्षा केंद्रों में अभ्यर्थियों की फ्रिस्किंग की जाएगी तथा फोटोयुक्त पहचान पत्र के माध्यम से जांच होगी। अभ्यर्थियों को हल्के रंग के आधी बांह वाले कपड़े पहनने की अनुमति दी गई है, जबकि गहरे रंग के कपड़े, फुल बांह, जैकेट, जेब वाले वस्त्र प्रतिबंधित रहेंगे। बिना पॉकेट वाले सामान्य स्वेटर की अनुमति होगी।

परीक्षा केंद्र में मोबाइल फोन, घड़ी, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, पर्स, बेल्ट, टोपी सहित किसी भी प्रकार की प्रतिबंधित सामग्री ले जाना पूर्णतः वर्जित रहेगा। अभ्यर्थी केवल काले या नीले बॉल प्वाइंट पेन ही साथ ला सकेंगे। अनुचित साधनों के प्रयोग पर कठोर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

जिला प्रशासन ने सभी अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे निर्धारित समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचें और जारी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित रूप से संपन्न कराने में सहयोग करें।




Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !