अग्निवीर भर्ती रैली के समापन पर सम्मान समारोह आयोजित

0

 


अग्निवीर भर्ती रैली के समापन पर सम्मान समारोह आयोजित

प्रदेश के लगभग 1900 युवाओं का होगा चयन, जिले के लिए गौरव का क्षण



उत्तम साहू 

धमतरी, जनवरी 2026। जिले में 10 जनवरी से लगातार आयोजित अग्निवीर भर्ती रैली का समापन सम्मान समारोह के साथ किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि महापौर श्री रामू रोहरा रहे। उन्होंने जिले में सफलतापूर्वक आर्मी भर्ती रैली के आयोजन के लिए सेना के अधिकारियों एवं जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।

महापौर श्री रोहरा ने कहा कि प्रदेशभर से बड़ी संख्या में युवाओं की सहभागिता के बावजूद बिना किसी विवाद के भर्ती रैली का सफल आयोजन जिले के लिए गर्व की बात है। उन्होंने बताया कि इस भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से प्रदेश के लगभग 1900 युवाओं का अग्निवीर सैनिक के रूप में चयन किया जाएगा, जो अत्यंत गौरवपूर्ण है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहते हुए फिटनेस, अनुशासन और कठिन परिश्रम पर ध्यान देने का आह्वान किया।

इस अवसर पर कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने कहा कि अग्निवीर भर्ती रैली के आयोजन से जिले के स्थानीय युवाओं को विशेष प्रोत्साहन मिलेगा। उन्होंने बताया कि जिले में भूतपूर्व सैनिकों द्वारा युवाओं को सेना भर्ती की तैयारी हेतु प्रशिक्षण दिया जा रहा है, जिससे भविष्य में अधिक से अधिक युवा सेना में शामिल होकर देश सेवा करेंगे और जिले को गौरवान्वित करेंगे। कलेक्टर श्री मिश्रा ने सफल आयोजन में सहयोग देने वाले सभी विभागों की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी।

कार्यक्रम के प्रारंभ में आर्मी के कर्नल श्री अरुण कालिया ने भर्ती रैली की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ राज्य से लगभग 28 हजार आवेदन प्राप्त हुए थे, जिनमें से करीब 9 हजार युवा लिखित परीक्षा उत्तीर्ण कर रैली में शामिल हुए। फिजिकल टेस्ट और दस्तावेज सत्यापन के बाद लगभग 2 से 2.5 हजार युवा सेना में भर्ती के लिए चयनित होने की प्रक्रिया में हैं। उन्होंने इस सफल आयोजन के लिए जिला प्रशासन एवं सभी सहयोगी विभागों का धन्यवाद ज्ञापित किया तथा विभिन्न विभागों को स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया।

कार्यक्रम में एसडीएम श्री एस. तिवारी, जिला शिक्षा अधिकारी श्री अभय जायसवाल, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. उल कौशिक, जिला परिवहन अधिकारी श्री मुजाहिद खान, नगर निगम उपायुक्त श्री पी.सी. सारवा, जिला रोजगार अधिकारी श्रीमती पुष्पा साहू सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।


Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !