ठेंनही में 12 लाख की लागत से बनेगा आदिवासी ध्रुव गोंड समाज का शेड निर्माण
जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा ने किया भूमिपूजन
उत्तम साहू
नगरी/धमतरी। मध्यक्षेत्र विकास प्राधिकरण द्वारा स्वीकृत विकास कार्यों की कड़ी में ग्राम पंचायत ठेंनही में आदिवासी ध्रुव गोंड समाज भवन के लिए टीन शेड निर्माण का मार्ग प्रशस्त हो गया है। गुरुवार, 8 जनवरी को जिला पंचायत अध्यक्ष अरूण सार्वा ने ग्रामवासियों की मौजूदगी में इस कार्य का विधिवत भूमिपूजन किया।
सामाजिक भवन की थी लंबे समय से मांग
उल्लेखनीय है कि क्षेत्र के आदिवासी ध्रुव गोंड समाज द्वारा लंबे समय से सामाजिक कार्यक्रमों के आयोजन हेतु शेड निर्माण की मांग की जा रही थी। ग्रामीणों की इस मांग को प्राथमिकता देते हुए मध्यक्षेत्र विकास प्राधिकरण ने 12 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की है। इस शेड के बन जाने से समाज के विभिन्न आयोजनों और बैठकों के लिए एक व्यवस्थित स्थान उपलब्ध हो सकेगा।
जनप्रतिनिधियों की रही गरिमामय उपस्थिति
भूमिपूजन कार्यक्रम के दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष अरूण सार्वा के साथ जनपद सदस्य श्रीधन सोम और ठेंनही सरपंच ज्योति सोम विशेष रूप से उपस्थित रहीं। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अतिथियों ने कहा कि शासन की मंशा अंतिम छोर के व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुँचाने की है।
इस अवसर पर रूपेन्द्र नाग, पंचू शोरी, रूपेश शोरी, अश्वनी, डी. के. यादव, श्रीमती प्रमिला शोरी सहित आदिवासी ध्रुव गोंड समाज के समस्त पदाधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण जन उपस्थित थे।


