जशपुर को विकास की बड़ी सौगात, मुख्यमंत्री साय ने 122 करोड़ से अधिक के कार्यों का किया लोकार्पण-भूमिपूजन
उत्तम साहू
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जशपुर जिले के प्रवास के दौरान विकास की रफ्तार को नया आयाम दिया। स्वास्थ्य, अधोसंरचना और जनकल्याण से जुड़े 122 करोड़ रुपये से अधिक के कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन करते हुए उन्होंने जिले को कई महत्वपूर्ण सौगातें दीं। इस अवसर पर उज्ज्वला गैस योजना के अंतर्गत 2 हजार से अधिक महिलाओं को घरेलू गैस कनेक्शन प्रदान किए गए, जिससे महिलाओं के जीवन में सुविधा और सुरक्षा का नया अध्याय जुड़ा।
मुख्यमंत्री श्री साय ने विकासखंड बगीचा में 2.43 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 30 बिस्तरीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि यह स्वास्थ्य केंद्र वनांचल क्षेत्रों तथा विशेष पिछड़ी जनजाति पहाड़ी कोरवा सहित लगभग दो लाख की आबादी के लिए वरदान साबित होगा। आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित इस केंद्र में जनरल सर्जरी, ईएनटी, शिशु रोग, अस्थि रोग, स्त्री रोग सहित कई विशेषज्ञ सेवाएं उपलब्ध होंगी। साथ ही उन्नत लैब जांच की व्यवस्था की गई है। इसके संचालन के लिए 100 मेडिकल एवं पैरामेडिकल स्टाफ की स्वीकृति भी दी जा चुकी है।
मुख्यमंत्री ने इसी परिसर में आयोजित मेगा हेल्थ कैंप का शुभारंभ करते हुए कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि दूरस्थ अंचलों तक भी बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचें। कैंप में न्यूरोलॉजी, नेफ्रोलॉजी, हड्डी रोग, स्त्री रोग, ईएनटी और प्लास्टिक सर्जरी के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने हजारों मरीजों की जांच की। जरूरतमंदों को नि:शुल्क दवाएं वितरित की गईं और गंभीर रोगियों को उच्च स्तरीय चिकित्सा संस्थानों में रेफर किया गया।
मुख्यमंत्री श्री साय ने बताया कि जशपुर जिले में भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए मेडिकल कॉलेज, नर्सिंग कॉलेज, फिजियोथेरेपी कॉलेज और प्राकृतिक चिकित्सा केंद्र की स्थापना की जा रही है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता है कि स्वास्थ्य, शिक्षा और बुनियादी सुविधाएं अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और जशपुर इसका सशक्त उदाहरण बने।

