धमतरी पुलिस की बड़ी उपलब्धि: 2025 का लेखा जोखा प्रस्तुत

0

 

धमतरी पुलिस की बड़ी उपलब्धि: 2025 का लेखा जोखा प्रस्तुत 

अपराधों में 35% तक कमी, सड़क दुर्घटनाओं में भी उल्लेखनीय गिरावट



उत्तम साहू 

धमतरी, 12 जनवरी 2026। धमतरी पुलिस ने वर्ष 2025 की उपलब्धियों और वर्ष 2026 की प्राथमिकताओं को लेकर वार्षिक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि वर्ष 2025 में जिले में अपराध नियंत्रण, जघन्य अपराधों के त्वरित खुलासे, नशा विरोधी अभियान और सड़क सुरक्षा के क्षेत्र में ऐतिहासिक सफलता मिली है। वर्ष 2026 में भी जिले को सुरक्षित और शांतिपूर्ण बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी।

अपराधों में बड़ी कमी

वर्ष 2024 में जहां कुल 2370 अपराध दर्ज हुए थे, वहीं वर्ष 2025 में यह संख्या घटकर 1529 रह गई। इस प्रकार कुल अपराधों में 35.50 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई। भादवि/बीएनएस के तहत दर्ज अपराधों में भी 37.52 प्रतिशत की गिरावट आई है।

जघन्य अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण

हत्या के वर्ष 2025 में दर्ज सभी 25 मामलों का सफलतापूर्वक खुलासा कर 61 आरोपियों की गिरफ्तारी की गई। हत्या के प्रयास के मामलों में 55 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। लूट, नकबजनी, चोरी, बलात्कार, अपहरण, शीलभंग जैसे अपराधों में 20 से 58 प्रतिशत तक की कमी दर्ज की गई है।

संपत्ति अपराध और बरामदगी

संपत्ति संबंधी अपराधों में 41.86 प्रतिशत की कमी आई है। वर्ष 2025 में अपहृत 84 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति में से लगभग 71 प्रतिशत बरामदगी की गई।

नशा और हथियारों पर कड़ी कार्रवाई

नारकोटिक्स एक्ट के तहत वर्ष 2025 में 51 प्रकरणों में 80 आरोपियों पर कार्रवाई की गई, जो पिछले वर्ष की तुलना में 31 प्रतिशत अधिक है। आर्म्स एक्ट के तहत भी 30 प्रतिशत अधिक कार्रवाई की गई।

महिला एवं बाल सुरक्षा

महिला संबंधी अपराधों में 40.5 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई। “ऑपरेशन मुस्कान” के तहत गुम बालक-बालिकाओं की घटनाओं में भी कमी आई और अधिकांश मामलों में सुरक्षित दस्तयाबी की गई।

सड़क सुरक्षा में सुधार

वर्ष 2025 में सड़क दुर्घटनाओं में 20.05 प्रतिशत, मृतकों की संख्या में 8.67 प्रतिशत और घायलों की संख्या में 31.26 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई, जो सड़क सुरक्षा अभियानों की सफलता को दर्शाता है।

प्रवर्तन कार्यवाही में दोगुनी बढ़ोतरी

वर्ष 2025 में प्रवर्तन कार्यवाही में 111.76 प्रतिशत की वृद्धि हुई और 1.33 करोड़ रुपये से अधिक की वसूली की गई।

चर्चित मामलों का खुलासा

बरड़िया ज्वैलर्स डकैती कांड, अन्नपूर्णा ढाबा तिहरा हत्याकांड, अंतरराज्यीय फर्जी आयकर अधिकारी गिरोह, मंदिरों में श्रृंखलाबद्ध चोरी, वाहन चोर गिरोह सहित कई जघन्य और क्लूलेस मामलों का सफल खुलासा किया गया।

जागरूकता और प्रशिक्षण

वर्ष 2025 में यातायात, सड़क सुरक्षा और नशा मुक्ति को लेकर 278 जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनसे 74,641 नागरिक लाभान्वित हुए।

पुलिस अधीक्षक का संदेश

पुलिस अधीक्षक ने कहा, “धमतरी पुलिस जिले को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और अपराध मुक्त बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। जनसहयोग, आधुनिक तकनीक और सतत कार्रवाई के माध्यम से अपराधों पर और प्रभावी नियंत्रण किया जाएगा।”

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !