बाघ गणना 2026: वन कर्मचारियों को मिला विशेष प्रशिक्षण
ट्रेल सर्वे और कैमरा ट्रैप विधि पर दी गई विस्तृत जानकारी
उत्तम साहू
धमतरी, 14 जनवरी 2026। अखिल भारतीय बाघ आकलन 2026 के तहत जिले में बाघ गणना की तैयारियाँ तेज कर दी गई हैं। इसी क्रम में वन विभाग के मैदानी अमले को बाघ गणना हेतु विशेष प्रशिक्षण प्रदान किया गया। यह प्रशिक्षण भारतीय वन्यजीव संस्थान, देहरादून द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार आयोजित किया गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम वनमंडल धमतरी के अंतर्गत संपन्न हुआ, जिसमें संयुक्त वनमंडलाधिकारी, समस्त उपवनमंडलाधिकारी, वन परिक्षेत्र अधिकारी, परिक्षेत्र सहायक, बीट गार्ड सहित अन्य मैदानी कर्मचारियों ने भाग लिया। प्रशिक्षण के दौरान बाघ गणना की दोनों प्रमुख विधियों—ट्रेल सर्वे पद्धति एवं कैमरा ट्रैप विधि—की विस्तार से जानकारी दी गई।
अधिकारियों ने बताया कि ट्रेल सर्वे पद्धति के अंतर्गत बाघ एवं अन्य वन्यप्राणियों के पदचिन्ह, मल, खरोंच के निशान तथा अन्य प्राकृतिक संकेतों के आधार पर आंकलन किया जाता है। वहीं कैमरा ट्रैप विधि में निर्धारित स्थलों एवं दूरी पर कैमरे स्थापित कर वन्यप्राणियों की गतिविधियों का वैज्ञानिक तरीके से मूल्यांकन किया जाता है। इसके साथ ही शाकाहारी वन्यप्राणियों की गणना और उनके आवास क्षेत्र के मूल्यांकन की विधियों पर भी प्रकाश डाला गया।
प्रशिक्षण के दौरान डीएफओ धमतरी श्री श्रीकृष्ण जाधव ने मैदानी कर्मचारियों को मोबाइल ऐप के माध्यम से ऑनलाइन डेटा अपलोड करने तथा सूचनाओं को सटीक और सुरक्षित रूप से दर्ज करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बाघ संरक्षण, वन्यजीव प्रबंधन एवं जैव विविधता संरक्षण की दृष्टि से यह गणना अत्यंत महत्वपूर्ण है, इसलिए सभी अधिकारी और कर्मचारी पूरी सतर्कता, जिम्मेदारी एवं समर्पण के साथ कार्य करें।
उल्लेखनीय है कि अखिल भारतीय बाघ आकलन के माध्यम से बाघों की संख्या, उनके आवास और संरक्षण की स्थिति का वैज्ञानिक मूल्यांकन किया जाता है, जिसके आधार पर भविष्य की संरक्षण रणनीतियाँ तय की जाती हैं।

