योग, शांति और सकारात्मक संकल्पों के साथ ब्रह्माकुमारी सेवा केंद्र मगरलोड में नववर्ष 2026 का अभिनंदन

0

 

योग, शांति और सकारात्मक संकल्पों के साथ ब्रह्माकुमारी सेवा केंद्र मगरलोड में नववर्ष 2026 का अभिनंदन


उत्तम साहू 

मगरलोड। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के योगशक्ति भवन, मगरलोड में नववर्ष 2026 का आगमन आध्यात्मिक उल्लास, शांति और आत्मिक जागृति के वातावरण में किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित भाई-बहनों ने परमपिता परमात्मा शिव की दिव्य स्मृति में नववर्ष का स्वागत करते हुए नई ऊर्जा और सकारात्मक संकल्पों का अनुभव किया।



कार्यक्रम के दौरान राजयोगिनी ब्रह्माकुमारी अखिलेश बहन ने सभी को नववर्ष की शुभकामनाएं देते हुए भाईयों को कैप तथा माताओं-बहनों को हैंड बैग भेंट स्वरूप प्रदान किए। इस अवसर पर संस्था से जुड़े सभी सदस्य उपस्थित रहे और राजयोग के माध्यम से आत्मिक जुड़ाव का गहन अनुभव किया।



ईश्वरीय स्मृति में कैंडल प्रज्वलन किया गया तथा शिव बाबा और ब्रह्मा बाबा को भोग अर्पित किया गया। कार्यक्रम को भावनात्मक ऊँचाई प्रदान करते हुए मनोज पटेल भाई ने “मेरा बाबा आ गया” गीत की मधुर प्रस्तुति दी, जिससे वातावरण भक्तिमय हो गया।



इस अवसर पर राजयोगिनी अखिलेश बहन ने अपने उद्बोधन में कहा कि नववर्ष का वास्तविक उत्सव तब है, जब हम अपने जीवन में शुभ और सकारात्मक संकल्पों को अपनाएं। उन्होंने बताया कि सकारात्मक सोच से ही जीवन में शांति, सुख, सफलता और समृद्धि आती है। मन को पवित्र, सरल और सहज बनाकर सभी के प्रति शुभ भावना रखना ही श्रेष्ठ जीवन का आधार है।



उन्होंने आगे कहा कि व्यर्थ विचारों से मुक्त रहने और वाणी व कर्म में मधुरता लाने के लिए नियमित योगाभ्यास अत्यंत आवश्यक है। परमपिता शिव से जुड़कर आत्मा में शांति, प्रेम, आनंद, पवित्रता और शक्ति जैसे दिव्य गुणों का विकास होता है। साथ ही उन्होंने जानकारी दी कि ब्रह्माकुमारी संस्था द्वारा जनवरी माह को विशेष “तपस्या मास” के रूप में मनाया जा रहा है, जिससे आत्मचिंतन और योग के माध्यम से जीवन को और अधिक श्रेष्ठ बनाया जा सके।

कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित भाई-बहनों को ईश्वरीय प्रसाद एवं टोली वितरित की गई। संपूर्ण आयोजन शांति, पवित्रता और आध्यात्मिक उमंग से परिपूर्ण रहा, जिसने नववर्ष को आत्मिक संकल्पों के साथ आरंभ करने की प्रेरणा प्रदान की।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !