जनपद पंचायत मगरलोड में 8.52 लाख का वित्तीय घोटाला उजागर, डाटा एंट्री ऑपरेटर गिरफ्तार
उत्तम साहू
मगरलोड/22 जनवरी 2026 जनपद पंचायत मगरलोड में पदस्थ एक डाटा एंट्री ऑपरेटर द्वारा शासकीय धन के गबन का गंभीर मामला सामने आया है। आरोपी ने शासकीय चेक चोरी कर फर्जी हस्ताक्षर के माध्यम से कुल 8 लाख 52 हजार 795 रुपये की राशि अपने बैंक खातों में स्थानांतरित कर ली। मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 16 जनवरी 2026 को जनपद पंचायत मगरलोड की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री दिव्या ठाकुर द्वारा थाना मगरलोड में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत में बताया गया कि कार्यालय में पदस्थ डाटा एंट्री ऑपरेटर धमेन्द्र साहू ने कार्यालय से 06 शासकीय चेक चोरी कर, मुख्य कार्यपालन अधिकारी के फर्जी हस्ताक्षर कर राशि आहरित की।
जांच में सामने आया कि आरोपी ने उक्त राशि को अपने स्टेट बैंक ऑफ इंडिया एवं एक्सिस बैंक के खातों में ट्रांसफर कराया। बैंक रिकॉर्ड की जांच में यह तथ्य भी सामने आया कि 01 जुलाई 2025 से 03 जनवरी 2026 के बीच आरोपी के खाते में 8,22,795 रुपये जमा हुए थे।
विवेचना के दौरान पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, प्रार्थी एवं गवाहों के कथन दर्ज किए तथा बैंक ऑफ बड़ौदा की भैसमुंडी एवं मेघा शाखा से संबंधित दस्तावेज प्राप्त किए। RTGS हेतु फर्जी हस्ताक्षर से जारी पत्रों की भी जांच की गई।
आरोपी के मेमोरेंडम कथन में उसने स्वीकार किया कि गबन की गई राशि को उसने ऑनलाइन गेमिंग ऐप “LM एप्लीकेशन” के माध्यम से खर्च किया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से संबंधित मोबाइल फोन भी जप्त किया है।
पुलिस ने प्रकरण में अपराध क्रमांक 15/2026 के तहत धारा 305(ई), 318(4), 338, 336 एवं 340 बीएनएस के अंतर्गत मामला पंजीबद्ध कर आरोपी को गिरफ्तार किया।
आरोपी का नाम: धमेन्द्र साहू,पिता – परसादी राम साहू
उम्र – 36 वर्ष,निवासी – नवागांव,थाना – मगरलोड जिला – धमतरी
धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शासकीय धन के दुरुपयोग एवं वित्तीय अपराधों के विरुद्ध सख्त रुख अपनाया जाएगा और ऐसे मामलों में आगे भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

