अंतर शालेय संगीत समारोह ‘स्वरा’ का आयोजन, सुर-ताल से विद्यार्थियों ने मोहा मन

0

 

अंतर शालेय संगीत समारोह ‘स्वरा’ का आयोजन, सुर-ताल से विद्यार्थियों ने मोहा मन



उत्तम साहू 

धमतरी। ग्राम शंकरदाह स्थित अज़ीम प्रेमजी हाई स्कूल में शनिवार, 17 जनवरी 2026 को अंतर शालेय संगीत समारोह “स्वरा” का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने शास्त्रीय गायन, लोकगीत एवं देशभक्ति गीतों की सशक्त प्रस्तुतियों से श्रोताओं का मन मोह लिया। आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों को मंच प्रदान कर उनकी सृजनात्मक प्रतिभा को निखारना एवं उनके कौशल को प्रोत्साहित करना रहा।

समारोह में अज़ीम प्रेमजी स्कूल के साथ एजेक्ट फाउंडेशन धमतरी, केन्द्रीय विद्यालय धमतरी व कुरुद, दिल्ली पब्लिक स्कूल धमतरी, विद्या कुंज स्कूल धमतरी, सेंट ज़ेवियर स्कूल धमतरी, नूतन इंग्लिश मीडियम स्कूल धमतरी, पीएम श्री शासकीय प्राथमिक शाला अरौद मगरलोड, शासकीय माध्यमिक शाला भोथली तथा सरस्वती शिशु मंदिर आमातालाब के विद्यार्थी एवं शिक्षक सहभागी बने।

कार्यक्रम का शुभारंभ अज़ीम प्रेमजी स्कूल के म्यूजिक क्लब द्वारा समूह गीत “आएगा नया ज़माना आएगा” से हुआ। इसके बाद केन्द्रीय विद्यालय धमतरी की कक्षा 6 की अनुशिवा ने “मधुबन खुशबू देता है” प्रस्तुत कर खूब वाहवाही बटोरी। सरस्वती शिशु मंदिर आमातालाब के विद्यार्थियों ने “कितना सुंदर देश हमारा” से देशभक्ति का संचार किया। अज़ीम प्रेमजी स्कूल के भीम ने छत्तीसगढ़ी लोकगीत “माटी होहि तोर चोला” से लोक रंग बिखेरा।

दिल्ली पब्लिक स्कूल धमतरी की आराध्या जैन, काव्या नाहर, मौली गोलछा व आन्या लुनावत ने “एक ज़िंदगी–सौ ख़्वाहिशें” समूह गीत प्रस्तुत किया। सेंट ज़ेवियर स्कूल की वेदश्री सोनी ने “जस्ट होल्ड ऑन”, शासकीय माध्यमिक शाला भोथली की उषा यादव ने भजन “मनुष्य जनम अनमोल रे” गाया। नूतन इंग्लिश मीडियम स्कूल की छात्राओं ने “आगे बढ़ने का इरादा” प्रेरणादायी गीत प्रस्तुत किया।

पीएम श्री शासकीय प्राथमिक शाला अरौद मगरलोड के विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत “अमर शहीदों का चारण”, विद्या कुंज धमतरी के शुभ अंकारे ने “ज़िंदगी प्यार का गीत है” तथा एजेक्ट फाउंडेशन की छात्राओं ने “जीना इसी का नाम है” गीत से श्रोताओं को भावविभोर किया। केन्द्रीय विद्यालय कुरुद के हिमांशु कुमार ने “पाएगा जो लक्ष्य है तेरा” गीत से उत्साह भर दिया। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों से पालकों का मन प्रफुल्लित रहा।

समारोह के समापन पर बांसुरी वादक गगन यादव की मनमोहक बांसुरी वादन प्रस्तुति ने वातावरण को संगीतमय बना दिया। कार्यक्रम में उपस्थित पालकों, शिक्षकों एवं अतिथियों ने विद्यार्थियों की सराहना करते हुए तालियों से उनका उत्साहवर्धन किया।

कार्यक्रम में अज़ीम प्रेमजी स्कूल के विद्यार्थी, पालकगण, शिक्षक, शाला प्रबंधन समिति के सदस्य तथा सहभागी विद्यालयों के शिक्षकगण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !