शास.हायर.सेकेंड्री स्कूल भोथली में स्वदेशी जागरण मंच कार्यक्रम आयोजित
कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने विद्यार्थियों से किया देशी उत्पाद अपनाने का आह्वान
उत्तम साहू
धमतरी, 22 जनवरी 2026/ कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने कहा कि स्वदेशी अपनाना केवल आर्थिक निर्णय नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति हमारी जिम्मेदारी है। उन्होंने यह बात शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भोथली में स्वदेशी जागरण मंच द्वारा आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कही।
कलेक्टर श्री मिश्रा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए देश में निर्मित वस्तुओं के उपयोग पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि जब हम स्वदेशी वस्तुओं का उपयोग करते हैं, तो देश की अर्थव्यवस्था मजबूत होती है और देश का धन देश के भीतर ही रहता है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे विदेशी उत्पादों के अंधाधुंध उपयोग से होने वाले आर्थिक नुकसान को समझें और अपने दैनिक जीवन में स्वदेशी को अपनाने का संकल्प लें।
कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर ने विद्यार्थियों को संतुलित जीवन का महत्व भी समझाया। उन्होंने कहा कि छात्र जीवन में शिक्षा सर्वोपरि है, लेकिन इसके साथ खेलकूद, योग एवं शारीरिक गतिविधियाँ भी उतनी ही आवश्यक हैं। कलेक्टर ने विद्यार्थियों को अपनी रुचि के अनुसार लक्ष्य तय करने, मेहनत और ईमानदारी के साथ कार्य करने की सीख दी।
इस अवसर पर कलेक्टर श्री मिश्रा ने विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था का निरीक्षण भी किया। उन्होंने विद्यालय में आयोजित मासिक परीक्षा का अवलोकन किया और आगामी बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी को लेकर प्राचार्य को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए, ताकि विद्यार्थियों के बेहतर परिणाम सुनिश्चित किए जा सकें।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य श्री साहू, शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा स्वदेशी जागरण मंच के पदाधिकारी उपस्थित रहे। कलेक्टर के मार्गदर्शन से विद्यार्थियों में स्वदेशी के प्रति जागरूकता और राष्ट्रप्रेम की भावना और अधिक सुदृढ़ हुई।


