पारदर्शिता और अनुशासन के साथ धमतरी में धान खरीदी अंतिम चरण में
5.72 लाख मीट्रिक टन से अधिक धान की खरीदी, किसानों को 1300 करोड़ से अधिक का भुगतान
उत्तम साहू,धमतरी, 27 जनवरी 2027
छत्तीसगढ़ शासन की समर्थन मूल्य पर धान खरीदी व्यवस्था के अंतर्गत धमतरी जिले में खरीफ विपणन वर्ष 2025–26 की धान खरीदी प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता, अनुशासन और किसान हितैषी दृष्टिकोण के साथ अंतिम चरण में पहुंच गई है। जिला प्रशासन की सतत निगरानी एवं सुव्यवस्थित प्रबंधन के चलते अब तक खरीदी प्रक्रिया सुचारू रूप से संचालित हो रही है।
74 समितियों में हो रही समर्थन मूल्य पर खरीदी
जिले में समर्थन मूल्य पर धान उपार्जन हेतु 74 सहकारी समितियों के अंतर्गत कुल 1,29,591 किसानों ने 1,27,709.99 हेक्टेयर रकबे में पंजीयन कराया है। 15 नवंबर 2025 से अब तक 1,19,174 किसानों से कुल 57,28,343.60 क्विंटल धान (5,72,834.36 मीट्रिक टन) की खरीदी की जा चुकी है, जिसकी कुल राशि 1358.26 करोड़ रुपये है।
अब तक 1,14,810 किसानों को 1300.42 करोड़ रुपये का भुगतान सीधे उनके खातों में किया जा चुका है, जिससे किसानों में संतोष का वातावरण है।
97 प्रतिशत से अधिक धान खरीदी पूर्ण
समाचार लिखे जाने तक जिले में 5,69,681.28 मीट्रिक टन धान की खरीदी हो चुकी है, जो कि गत खरीफ वर्ष 2024–25 की कुल खरीदी 6,19,868.68 मीट्रिक टन के सापेक्ष लगभग 97 प्रतिशत है। आगामी दिनों के लिए 15,918 टोकन जारी किए गए हैं, जिसके आधार पर शेष धान की खरीदी शीघ्र पूर्ण होने की संभावना है।
टोकन प्रणाली से किसानों को मिली राहत
जिले के सभी धान खरीदी केंद्रों पर टोकन प्रणाली के माध्यम से खरीदी की जा रही है। इससे किसानों को अनावश्यक प्रतीक्षा नहीं करनी पड़ रही है और केंद्रों पर भीड़ एवं अव्यवस्था की स्थिति नहीं बन रही है। समयबद्ध खरीदी से किसान संतोष व्यक्त कर रहे हैं।
दिनांक 28 जनवरी 2026 के लिए 822 किसानों को 4180.88 क्विंटल धान खरीदी हेतु टोकन जारी किए गए हैं।
उठाव और भंडारण की स्थिति
अब तक उपार्जित धान में से 24,76,108.90 क्विंटल धान का उठाव किया जा चुका है, जबकि 32,52,234.70 क्विंटल धान का उठाव शेष है। उठाव कार्य भी निरंतर प्रगति पर है।
गुणवत्ता और निगरानी पर विशेष ध्यान
धान खरीदी के दौरान गुणवत्ता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। नमी मानक के अनुरूप ही धान की खरीदी सुनिश्चित की जा रही है। प्रत्येक केंद्र पर नमी मापक यंत्र, इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन एवं आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है।
जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी नियमित रूप से खरीदी केंद्रों का निरीक्षण कर रहे हैं। किसानों से सीधे संवाद कर समस्याओं का त्वरित निराकरण किया जा रहा है। ऑनलाइन प्रविष्टि, डिजिटल रिकॉर्ड और रियल टाइम मॉनिटरिंग से पूरी प्रक्रिया पारदर्शी बनी हुई है।
कलेक्टर का बयान
कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने कहा कि “धमतरी जिले में धान खरीदी प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी, सुचारू और किसान हितैषी बनाया गया है। किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, यह प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। शेष धान की खरीदी भी निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण की जाएगी।”
राज्य स्तर पर बना सकारात्मक उदाहरण
सुव्यवस्थित व्यवस्था, तकनीकी निगरानी और प्रशासन–किसान समन्वय के चलते धमतरी जिले की धान खरीदी व्यवस्था राज्य स्तर पर एक सकारात्मक और अनुकरणीय मॉडल के रूप में उभर कर सामने आ रही है।

