धान खरीदी व्यवस्था की दो सत्रों में गहन समीक्षा अनियमितता बर्दाश्त नहीं,

0

 

धान खरीदी व्यवस्था की दो सत्रों में गहन समीक्षा
अनियमितता बर्दाश्त नहीं, 

पात्र किसानों से शत-प्रतिशत खरीदी सुनिश्चित करें – कलेक्टर अबिनाश मिश्रा



उत्तम साहू 

धमतरी, 17 जनवरी 2026। समर्थन मूल्य पर धान उपार्जन की प्रगति एवं व्यवस्था की कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने आज प्रातः लाईवली हुड कॉलेज के सभा कक्ष में संयुक्त समीक्षा की। बैठक में समिति प्रबंधक, सहकारी बैंक प्रबंधक, समितियों के कंप्यूटर ऑपरेटर तथा निगरानी दलों के अधिकारी उपस्थित रहे।

धान उपार्जन को पूर्णतः पारदर्शी, सुचारु एवं किसान हितैषी बनाने के उद्देश्य से आयोजित यह समीक्षा बैठक दो सत्रों में संपन्न हुई। प्रथम सत्र में धमतरी एवं कुरूद विकासखंड तथा द्वितीय सत्र में नगरी एवं मगरलोड विकासखंड की स्थिति की समीक्षा की गई।

कलेक्टर श्री मिश्रा ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि धान उपार्जन में किसी भी प्रकार की अनियमितता स्वीकार नहीं की जाएगी। शासन के दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करते हुए केवल वास्तविक एवं पात्र किसानों से ही धान की खरीदी की जाए। उन्होंने बिचौलियों एवं कोचियों की गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए तथा अवैध गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी।

कलेक्टर ने बताया कि शासन द्वारा की जा रही धान खरीदी अब अंतिम चरण में है और लगभग 9 से 10 दिन शेष हैं। इस अवधि में विशेष सतर्कता, प्रभावी निगरानी एवं त्वरित निर्णय आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों को अपने क्षेत्रों में जाकर किसानों का भौतिक एवं दस्तावेजी सत्यापन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि किसी भी प्रकार की फर्जी या अपात्र प्रविष्टियों पर तत्काल कार्रवाई की जा सके।



उन्होंने समिति प्रबंधकों, सहकारी बैंक प्रबंधकों एवं समिति ऑपरेटरों को निर्देशित किया कि तौल, परिवहन, भंडारण एवं ऑनलाइन प्रविष्टियों में पूर्ण सावधानी बरती जाए। खरीदी से संबंधित सभी आंकड़े रियल टाइम में पोर्टल पर सही-सही दर्ज किए जाएं। किसानों को स्पष्ट रूप से अवगत कराया जाए कि केवल वास्तविक फसल की ही खरीदी होगी तथा अतिरिक्त या अवास्तविक रकबे का समर्पण अनिवार्य है।

कलेक्टर श्री मिश्रा ने यह भी निर्देश दिए कि जिन किसानों के टोकन जारी हो चुके हैं, उनका प्राथमिकता के आधार पर सत्यापन किया जाए। अन्य राज्यों अथवा जिलों से धान लाए जाने की संभावना को देखते हुए सीमावर्ती क्षेत्रों में सघन जांच एवं चौकसी बरती जाए।

उन्होंने दो टूक कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही, अनियमितता या निर्देशों की अवहेलना पाए जाने पर संबंधित अधिकारी या कर्मचारी के विरुद्ध कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। सभी अधिकारियों से आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए धान खरीदी प्रक्रिया को समय-सीमा में, पूर्ण पारदर्शिता के साथ एवं किसानों के विश्वास के अनुरूप संपन्न करने का आग्रह किया गया।

बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत श्री गजेंद्र ठाकुर, अपर कलेक्टर श्रीमती इंदिरा देहारी, अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) कुरूद श्री नभ सिंह, नगरी सुश्री प्रीति दुर्गम, डिप्टी कलेक्टर श्री मनोज मरकाम एवं श्रीमती कल्पना धूर्व, उप संचालक कृषि श्री मोनेश साहू, खाद्य अधिकारी श्री बसंत कोर्राम सहित जिला एवं विकासखंड स्तर के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !