गुप्त नवरात्र पर अष्टभुजी शक्तिपीठ उमरगांव में नौ दिवसीय श्री सत् चण्डी महायज्ञ व दस महाविद्या महाआराधना

0

 

गुप्त नवरात्र पर अष्टभुजी शक्तिपीठ उमरगांव में नौ दिवसीय श्री सत् चण्डी महायज्ञ व दस महाविद्या महाआराधना



उत्तम साहू 

नगरी- उमरगांव। सनातन वैदिक परंपरा में विशेष महत्व रखने वाले गुप्त नवरात्र के पावन अवसर पर अष्टभुजी शक्तिपीठ दुर्गा मंदिर, उमरगांव में इस वर्ष भी नौ दिवसीय श्री सत् चण्डी महायज्ञ एवं दस महाविद्या विशेष पूजन का भव्य आयोजन किया जा रहा है। यह दिव्य वैदिक अनुष्ठान 19 जनवरी से 27 जनवरी तक गुप्त नवरात्र की अवधि में श्रद्धा, आस्था और पूर्ण विधि-विधान के साथ संपन्न होगा। आयोजन को लेकर मंदिर परिसर में तैयारियाँ अंतिम चरण में हैं।

गुप्त नवरात्र को शास्त्रों में शक्ति साधना का सर्वोच्च काल माना गया है। इस अवधि में की गई उपासना, यज्ञ एवं मंत्र साधना शीघ्र फलदायी मानी जाती है। विशेष रूप से महाविद्या एवं वैदिक उपासना हेतु यह नवरात्र अत्यंत महत्वपूर्ण होता है, जिसमें साधक अंतर्मुखी होकर देवी शक्ति की आराधना करता है। मान्यता है कि गुप्त नवरात्र में की गई साधना से आत्मिक बल, मानसिक स्थिरता, रक्षा, सिद्धि एवं मनोकामना पूर्ति का लाभ प्राप्त होता है।

वैदिक परंपरा में सत् चण्डी महायज्ञ को सर्वबाधा नाशक एवं अत्यंत प्रभावशाली अनुष्ठान माना गया है। इसके प्रभाव से नवग्रह दोष, दैहिक-दैविक-भौतिक कष्टों का शमन होता है। साथ ही रोग, शत्रु बाधा, भय, मानसिक अशांति, आर्थिक संकट, ऋण, व्यापारिक अवरोध, विवाह व संतान संबंधी समस्याओं से मुक्ति तथा जीवन में सुख-शांति और समृद्धि की प्राप्ति होती है। दस महाविद्याओं की विशेष आराधना से शक्ति, रक्षा, वाक्सिद्धि, ऐश्वर्य एवं अभिष्ट सिद्धि का अनुपम फल मिलता है।

यह आयोजन विगत कई वर्षों से निरंतर किया जा रहा है, जिसमें उड़ीसा, बस्तर अंचल, रायपुर, धमतरी, बिलासपुर, गरियाबंद सहित संपूर्ण छत्तीसगढ़ तथा मध्य प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु सम्मिलित होते हैं। भक्तजन यज्ञ में सहभागिता कर आस्था की ज्योति प्रज्वलित करते हैं और जीवन की बाधाओं से मुक्ति का अनुभव करते हैं।

आयोजन के प्रधान आचार्य एवं यज्ञाचार्य पं. द्वारिका प्रसाद पाण्डेय ने बताया कि इस वर्ष भी विद्वान वेदाचार्यों द्वारा दिव्य वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ सत् चण्डी महायज्ञ को पूर्ण विधि-विधान से संपन्न कराया जाएगा।

कार्यक्रम प्रतिदिन इस प्रकार रहेगा

  • प्रातः 9:00 बजे — श्री सत् चण्डी पाठ
  • 11:00 बजे — दस महाविद्या विशेष पूजन
  • दोपहर 1:00 बजे — श्री सत् चण्डी महायज्ञ
  • सायं 5:00 बजे — महा आरती
  • तत्पश्चात — महा भंडारा

अष्टभुजी शक्तिपीठ दुर्गा मंदिर, उमरगांव में आयोजित यह महाआयोजन शक्ति उपासना, लोककल्याण एवं आध्यात्मिक चेतना का दिव्य संगम होगा। आयोजन समिति ने अधिकाधिक श्रद्धालुओं से इस पावन अवसर पर सहभागिता कर पुण्यलाभ अर्जित करने की अपील की है।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !