ग्राम सांकरा में खुलेआम सट्टा खिलाते आरोपी गिरफ्तार, सिहावा पुलिस की बड़ी कार्रवाई
उत्तम साहू
धमतरी- नगरी/ 17 जनवरी 2026 जिले में अवैध जुआ–सट्टा पर प्रभावी नियंत्रण के लिए पुलिस अधीक्षक धमतरी के निर्देशानुसार थाना सिहावा पुलिस द्वारा लगातार सघन पेट्रोलिंग एवं मुखबिर तंत्र को सक्रिय रखा जा रहा है। इसी क्रम में सिहावा पुलिस ने ग्राम सांकरा में सार्वजनिक स्थान पर सट्टा पट्टी जुआ खिलाते एक आरोपी को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, पेट्रोलिंग के दौरान थाना सिहावा को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम सांकरा के नंदी चौक स्थित सुखा तालाब, शिव मंदिर के सामने अनिल साहू नामक व्यक्ति खुलेआम लोगों से रुपये-पैसे लेकर सट्टा पट्टी जुआ खेला रहा है। सूचना की तस्दीक हेतु पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर दबिश दी, जहाँ आरोपी को सार्वजनिक स्थान पर जुआ खिलाते हुए पकड़ा गया।
गवाहों की उपस्थिति में की गई तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से सट्टा से संबंधित एक कागज का टुकड़ा, जिस पर विभिन्न अंक और रकम लिखी हुई थी, एक संतरी रंग का नीला डॉट पेन तथा नगद 1500 रुपये बरामद किए गए। बरामद समस्त सामग्री को विधिवत जप्त किया गया।
आरोपी का विवरण
नाम – अनिल साहू
पिता का नाम – झाडूराम साहू
उम्र – 42 वर्ष
पता – गांधी चौक, सांकरा
थाना – सिहावा
जिला – धमतरी (छत्तीसगढ़)
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध थाना सिहावा में अपराध क्रमांक 05/2026 धारा 6(क) छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 के तहत मामला पंजीबद्ध कर विधिवत गिरफ्तार किया। आरोपी को माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध जुआ, सट्टा एवं अन्य असामाजिक गतिविधियों के विरुद्ध आगे भी इसी प्रकार सख्त और प्रभावी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

