जिले में पहली बार होगा मिलेट्स महोत्सव, कलेक्टर श्री अविनाश मिश्रा की विशेष पहल

0

 

जिले में पहली बार होगा मिलेट्स महोत्सव, कलेक्टर श्री अविनाश मिश्रा की विशेष पहल



उत्तम साहू 

धमतरी। जिले में मिलेट्स (श्रीअन्न) की खेती और इसके उपयोग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री अविनाश मिश्रा की विशेष पहल पर पहली बार “मिलेट्स महोत्सव” का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम 5 जनवरी 2026 को सुबह 10 बजे कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित होगा।

मिलेट्स महोत्सव का मुख्य उद्देश्य किसानों एवं आम नागरिकों को मिलेट्स की पोषण उपयोगिता, स्वास्थ्य लाभ और आर्थिक संभावनाओं से अवगत कराना है। इस अवसर पर जिले में उत्पादित विभिन्न प्रकार के मिलेट्स तथा उनसे तैयार किए गए पौष्टिक और स्वादिष्ट व्यंजनों की आकर्षक प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी, जिसका स्वाद उपस्थित नागरिक ले सकेंगे।

इस विशेष आयोजन में पद्मश्री डॉ. खादर वल्ली की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी। वे मिलेट्स के नियमित सेवन से होने वाले स्वास्थ्य लाभ, जीवनशैली में इसके महत्व तथा वैज्ञानिक खेती की संभावनाओं पर विस्तार से मार्गदर्शन देंगे। साथ ही किसानों को मिलेट्स के विपणन और आयवर्धन के नए अवसरों की जानकारी भी प्राप्त होगी।

मिलेट्स स्वास्थ्य की दृष्टि से अत्यंत लाभकारी माने जाते हैं। इनमें फाइबर, आयरन, कैल्शियम, प्रोटीन एवं अन्य आवश्यक खनिज तत्व प्रचुर मात्रा में पाए जाते हैं, जो पाचन तंत्र को मजबूत बनाने, मधुमेह नियंत्रण, हृदय रोगों से बचाव और वजन संतुलन में सहायक होते हैं। कम पानी में उगने वाली यह फसल पर्यावरण के अनुकूल होने के साथ-साथ किसानों की आय बढ़ाने में भी सहायक है।

जिले में प्रमुख रूप से कोदो, कुटकी और रागी जैसे मिलेट्स का उत्पादन किया जाता है, जिन्हें अब “श्रीअन्न” के रूप में नई पहचान मिल रही है।

कलेक्टर श्री अविनाश मिश्रा ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे इस पहली बार आयोजित हो रहे मिलेट्स महोत्सव में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर इसे जन-आंदोलन का स्वरूप दें, ताकि स्वस्थ जिले की दिशा में एक मजबूत कदम बढ़ाया जा सके।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !