चमेंदा स्कूल में मकर संक्रांति पर बाल मेले का आयोजन, बच्चों ने दिखाई रचनात्मकता
उत्तम साहू
नगरी/चमेंदा। मकर संक्रांति के पावन अवसर पर ग्राम चमेंदा में शाला परिवार चमेंदा द्वारा भव्य बाल मेले का आयोजन किया गया। इस आयोजन में प्राथमिक शाला खमनापारा एवं प्राथमिक माध्यमिक शाला कर्राघाटी के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं शामिल हुए।
बाल मेले के अंतर्गत छात्र-छात्राओं ने प्रतीकात्मक देवी-देवताओं के स्वरूप तथा डांग व आंगा देवता बनाकर ग्राम का भ्रमण किया। भ्रमण के दौरान ग्रामवासियों ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर एवं उत्साहपूर्वक स्वागत-अभिनंदन किया, जिससे पूरे गांव में हर्षोल्लास का वातावरण बना रहा।
मेले में बच्चों ने मैगी, गुपचुप, ढोकला, चाउमीन, पकौड़ा, मिठाई, सब्जी एवं नाश्ता सेंटर जैसे विभिन्न स्टॉल लगाए, जहां उन्होंने उत्साह के साथ विक्रय किया। इस गतिविधि से बच्चों में आत्मविश्वास, व्यवहारिक ज्ञान एवं उद्यमशीलता के गुण विकसित होते नजर आए।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि सरपंच खिलेश्वरी ध्रुव ने बाल मेला आयोजन के लिए शिक्षकों एवं बच्चों को बधाई देते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से बच्चों का सर्वांगीण विकास होता है। विशेष अतिथि सेवानिवृत्त प्राचार्य नारद राम ध्रुव ने बाल मेले के शैक्षणिक एवं सामाजिक लाभों पर प्रकाश डाला। वहीं माध्यमिक शाला कर्राघाटी के प्रधान पाठक चंद्रहास शांडिल्य ने कहा कि बाल मेले के माध्यम से बच्चों को ग्रामीण संस्कृति को समझने और उससे जुड़ने का अवसर मिलता है।
कार्यक्रम में उपसरपंच जागेश्वर नेताम, शाला प्रबंधन समिति अध्यक्ष धरम नेताम, प्रधान पाठक द्रौपदी यादव, संकुल समन्वयक कामेश्वर साहू सहित दिनेश साहू, ललित साहू, हेमपुष्पा साहू, मनमोहन मरकाम, योगिता साहू, भूपेन्द्र सोम, किरण साहू, टिकेश्वरी मरकाम, बीरबल नागेश, सविता ध्रुव, रमलू निषाद, लोकेश मरकाम, गणेशी ध्रुव, जानकी, कृष्णा कोर्राम सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का सफल संचालन माध्यमिक शाला चमेंदा के प्रधान पाठक देवेन्द्र कुमार साहू द्वारा किया गया।

