सांकरा में शाकंभरी जयंती पर पटेल समाज ने निकाली भव्य कलश शोभायात्रा
उत्तम साहू
नगरी- सांकरा। छेरछेरा पुन्नी एवं मरार पटेल समाज की इष्ट देवी मां शाकंभरी जयंती के पावन अवसर पर ग्राम सांकरा में पटेल समाज द्वारा भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर समाज के लोगों ने पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ कलश शोभायात्रा निकाली, जिसमें बड़ी संख्या में सामाजिकजन शामिल हुए।
कार्यक्रम की शुरुआत 03 जनवरी को पटेल सामाजिक भवन सांकरा में हुई, जहां सुबह मां शाकंभरी के छायाचित्र की विधिवत विशेष पूजा-अर्चना की गई। यह पूजा पंडित उदेभानू दिवान के द्वारा संपन्न कराई गई, तत्पश्चात मां शाकंभरी की महाआरती की गई।
पूजा-अर्चना के पश्चात पटेल समाज द्वारा भव्य कलश शोभायात्रा निकाली गई, जो पटेल सामाजिक भवन बाजार पारा से प्रारंभ होकर बस स्टैंड, शहीद चौक, शंकर चौक, नंदी चौक, गांधी चौक एवं बीच पारा सहित सांकरा क्षेत्र के प्रमुख मार्गों से होते हुए रात्रि समय पुनः पटेल सामाजिक भवन पहुंची।
शोभायात्रा के समापन के बाद समाज के लोगों एवं बाहर से पहुंचे अतिथियों ने महाप्रसादी भंडारे का आनंद लिया।
इस अवसर पर पटेल समाज सिहावा राज अध्यक्ष कन्हैया कौशल, ग्रामीण अध्यक्ष प्रेमलाल पटेल, कोषाध्यक्ष युवराज पटेल, सचिव डिगेश पटेल, युवा प्रकोष्ठ अध्यक्ष खिलावन पटेल, उपाध्यक्ष राजू पटेल, सचिव पोखन पटेल सहित समाज के वरिष्ठजन, युवा साथी एवं महिला-पुरुष बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। साथ ही ग्राम लिलाज सहित आसपास के गांवों से आए सामाजिक बंधुओं की भी उल्लेखनीय सहभागिता रही।
पूरे आयोजन में भक्तिमय वातावरण बना रहा और मां शाकंभरी के जयकारों से ग्राम सांकरा गुंजायमान होता रहा।

