कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने कलेक्टोरेट में फहराया राष्ट्रीय ध्वज
उत्तम साहू
धमतरी, 26 जनवरी 2026। 76वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने कलेक्टोरेट परिसर में राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित सभी अधिकारी-कर्मचारियों एवं जिलेवासियों को गणतंत्र दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में अपर कलेक्टर श्रीमती इंदिरा देहारी, अपर कलेक्टर श्री पवन प्रेमी सहित कलेक्टोरेट के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे। इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री पवन प्रेमी ने सड़क दुर्घटनाओं पर आधारित एक व्यंग्यात्मक कविता प्रस्तुत की। साथ ही विभिन्न विभागों के जिला अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत गीत, भाषण एवं कविताओं की रोचक प्रस्तुतियां दीं।
गणतंत्र दिवस के अवसर पर कलेक्टोरेट सभाकक्ष में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने कहा कि आज ही के दिन हमारे देश का संविधान लागू हुआ था। उन्होंने नए वर्ष की शुरुआत में अच्छे संकल्प लेकर आगे बढ़ने के लिए सभी को प्रेरित किया।
कलेक्टर ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अपने-अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संविधान पर देश के प्रत्येक नागरिक का पूर्ण विश्वास है और इसी संविधान के तहत शासकीय सेवकों को जनता की सेवा करने का अवसर प्राप्त होता है। इसलिए जिम्मेदारीपूर्वक कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए आमजन के हित में कार्य करना हम सभी का दायित्व है।
उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को टीम भावना के साथ आपसी सहयोग बनाए रखते हुए जिले के विकास के लिए निरंतर प्रयास करने के लिए प्रेरित किया, ताकि जिले का नाम राज्य एवं देश स्तर पर गौरवान्वित हो सके।
कार्यक्रम के अंत में जिला कार्यालय के विभिन्न अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने गणतंत्र दिवस पर अपने विचार व्यक्त किए।


