अवैध धान परिवहन व भंडारण पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई

0

 अवैध धान परिवहन व भंडारण पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई

एस.के. फूड्स राइस मिल सील, 20,976 क्विंटल धान व 605 क्विंटल चावल जब्त



उत्तम साहू 

धमतरी, 15 जनवरी। कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा के मार्गदर्शन में जिले में अवैध धान परिवहन, भंडारण एवं खरीदी में अनियमितताओं पर प्रभावी नियंत्रण के लिए जिला प्रशासन द्वारा लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में बुधवार देर शाम नगरी विकासखंड के गट्टासिल्ली स्थित एस.के. फूड्स राइस मिल पर संयुक्त निरीक्षण कर बड़ी कार्रवाई की गई।


जिला स्तरीय एवं विकासखंड स्तरीय उड़नदस्ता दल द्वारा राजस्व विभाग, खाद्य विभाग एवं मंडी विभाग के संयुक्त तत्वावधान में राइस मिल का निरीक्षण किया गया। मिल के संचालक श्री आसिफ मेमन हैं। निरीक्षण के दौरान स्टॉक पंजी की गहन जांच तथा भौतिक सत्यापन किया गया, जिसमें दर्ज स्टॉक की तुलना में 269 क्विंटल धान अधिक पाया गया। यह अतिरिक्त मात्रा खरीदी वर्ष 2025-26 के अंतर्गत अवैध परिवहन एवं भंडारण की आशंका को दर्शाती है।


जांच में गंभीर अनियमितता पाए जाने पर संयुक्त दल ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए मिल परिसर में उपलब्ध कुल 20,976 क्विंटल धान एवं 605 क्विंटल चावल को जब्त कर लिया। जब्त सामग्री को नियमानुसार मिल प्रतिनिधि श्री जावेद मेमन की सुपुर्दगी में दिया गया तथा आगे की जांच एवं वैधानिक प्रक्रिया के लिए राइस मिल को सील कर दिया गया।


कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने कहा कि शासन की धान उपार्जन व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसानों के हितों की रक्षा एवं समर्थन मूल्य प्रणाली की विश्वसनीयता सुनिश्चित करने के लिए इस प्रकार की संयुक्त जांच और कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी। उन्होंने सभी मिल संचालकों एवं व्यापारियों को शासन के नियमों का सख्ती से पालन करने की चेतावनी देते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।


जिला प्रशासन की सतत निगरानी और त्वरित कार्रवाई से जिले में नियमों के पालन को मजबूती मिली है तथा अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा रहा है।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !