व्हाट्सएप से चल रहा था देह व्यापार, पुलिस रेड में हुआ खुलासा
तीन युवतियों और एक दलाल को रंगे हाथों पकड़ा गया
कबीरधाम। शहर में देह व्यापार के एक संगठित नेटवर्क का पुलिस ने भंडाफोड़ कर दिया है। घुघरी रोड स्थित अटल आवास क्षेत्र में देर रात की गई छापेमारी में तीन युवतियों और एक दलाल को रंगे हाथों पकड़ा गया।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी दलाल ग्राहकों से सौदा तय करने के लिए व्हाट्सएप ग्रुप का इस्तेमाल करता था। वहीं लड़कियों की तस्वीरें भेजी जाती थीं, डिमांड के मुताबिक “डील” फाइनल होती थी और फिर उन्हें घर बुलाकर देह व्यापार कराया जाता था।
मुख्य आरोपी की पहचान गोलू लहरे (35 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 17, मिनीमाता चौक, कवर्धा के रूप में हुई है। पुलिस ने मौके से आपत्तिजनक सामग्री भी जब्त की है, जो इस अवैध धंधे की पुष्टि करती है।
पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह (IPS) के निर्देश पर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेन्द्र सिंह बघेल और अमित पटेल के नेतृत्व में साइबर थाना और कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की। छापेमारी में महिला अधिकारियों की विशेष टीम भी शामिल रही।
तीनों युवतियों समेत सभी आरोपियों पर धारा 170 बीएनएसएस के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
कबीरधाम पुलिस ने साफ शब्दों में चेतावनी दी है कि देह व्यापार, अनैतिक गतिविधियाँ और सामाजिक शांति भंग करने वालों के लिए जिले में कोई जगह नहीं है। आगे भी ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त अभियान जारी रहेगा।

