शहीद गैद सिंग नायक चौक निर्माण व प्रतिमा स्थापना की घोषणा, सामुदायिक भवन को भी मिली स्वीकृति

0

 

शहीद गैद सिंग नायक चौक निर्माण व प्रतिमा स्थापना की घोषणा, सामुदायिक भवन को भी मिली स्वीकृति



उत्तम साहू 

नगरी। नगर पंचायत नगरी के वार्ड क्रमांक 14 अंतर्गत गुढ़ियारी तालाब के समीप महान स्वतंत्रता सेनानी शहीद गैद सिंग नायक जी की स्मृति में चौक का निर्माण एवं उनकी प्रतिमा स्थापना हेतु चबूतरा निर्माण किया जाएगा। यह महत्वपूर्ण घोषणा नगर पंचायत अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा ने शहीद गैद सिंग नायक जी के बलिदान दिवस के अवसर पर आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में की।

कार्यक्रम का आयोजन शहीद गैद सिंग नायक जी को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करने के उद्देश्य से किया गया, जिसमें उनके अदम्य साहस, त्याग और अंग्रेजी हुकूमत के विरुद्ध किए गए संघर्ष को याद किया गया। वक्ताओं ने कहा कि शहीद गैद सिंग नायक जी ने बिना किसी आधुनिक हथियार के, केवल तीर-कमान और भाले के बल पर अंग्रेजों के खिलाफ संघर्ष किया और आदिवासी समाज को अपने अधिकारों के लिए एकजुट होने की प्रेरणा दी। उनका यह संघर्ष आज भी समाज को दिशा और ऊर्जा प्रदान करता है।

इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा ने अपनी अध्यक्ष निधि से 3 लाख रुपये शहीद गैद सिंग नायक जी की प्रतिमा स्थापना हेतु चबूतरा निर्माण एवं सौंदर्यीकरण कार्य के लिए स्वीकृत करने की घोषणा की। वहीं वार्ड क्रमांक 14 के पार्षद शंकरदेव ने अपनी पार्षद निधि से 2 लाख रुपये देने की घोषणा कर इस कार्य को गति प्रदान की।

कार्यक्रम में समाजजनों की मांग पर नगर पंचायत अध्यक्ष द्वारा 10 लाख रुपये की लागत से सामुदायिक भवन निर्माण कराए जाने का आश्वासन भी दिया गया। साथ ही सर्व आदिवासी समाज के भवन में 3 लाख रुपये की लागत से सामुदायिक शौचालय निर्माण की घोषणा की गई, जिससे क्षेत्रवासियों को आवश्यक सुविधा उपलब्ध हो सके।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नगर पंचायत अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा ने कहा,
“शहीद गैद सिंग नायक जी ने बिना किसी आधुनिक हथियार के अंग्रेजों से संघर्ष कर इतिहास रचा। आज उनकी पुण्यतिथि पर समाजजनों द्वारा दिखाई गई एकता सराहनीय है। आने वाली पीढ़ियों को उनके बलिदान से परिचित कराने के लिए चौक निर्माण और प्रतिमा स्थापना का यह संकल्प लिया गया है। हर वर्ष उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी जाएगी।”

कार्यक्रम में पूर्व विधायक श्रवण मरकाम, सर्व आदिवासी समाज के अध्यक्ष उमेश देव, हल्बा समाज के क्षेत्रीय अध्यक्ष उत्तम गौर, जनपद सदस्य शशि ध्रुव, उत्तम मरकाम, श्रीधन सोम, रामलाल श्रीमाली, नरेश सोम, दुलेश्वर गौर, डोमार सोम, रचना चिंडा, शशिकला ध्रुव सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे। सभी ने शहीद गैद सिंग नायक जी के बलिदान को नमन करते हुए उनके दिखाए मार्ग पर चलने और समाजहित में एकजुट रहने का संकल्प लिया।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !