उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भोथली के नवीन भवन हेतु 1.07 करोड़ स्वीकृत
जिला पंचायत सभापति मोनिका देवांगन की मांग पर शासन का निर्णय, ग्रामीण विद्यार्थियों को मिलेगा बेहतर शैक्षणिक वातावरण
उत्तम साहू
धमतरी। शिक्षा के क्षेत्र में अधोसंरचना सुदृढ़ करने की दिशा में राज्य सरकार ने बड़ा निर्णय लेते हुए जिले के भोथली स्थित उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के नवीन भवन निर्माण के लिए ₹1 करोड़ 07 लाख की राशि स्वीकृत की है। यह स्वीकृति जिला पंचायत सभापति मोनिका देवांगन द्वारा शासन को भेजे गए मांग पत्र के आधार पर प्रदान की गई।
राज्य के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में तथा वित्तमंत्री ओ.पी. चौधरी द्वारा प्रस्तुत बजट में शिक्षा को प्राथमिकता देते हुए यह प्रावधान किया गया है।
जिला पंचायत सभापति मोनिका देवांगन ने बताया कि भोथली क्षेत्र में लंबे समय से उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के लिए नए भवन की आवश्यकता महसूस की जा रही थी, ताकि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें। इसी उद्देश्य से उन्होंने विस्तृत प्रस्ताव शासन को भेजकर बजट में राशि स्वीकृत करने की मांग की थी।
उन्होंने Government of Chhattisgarh, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव तथा धमतरी जिला प्रभारी मंत्री टंक राम वर्मा के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि नवीन शाला भवन बनने से ग्रामीण अंचल के विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिलेगा और उनके उज्ज्वल भविष्य की दिशा में यह महत्वपूर्ण कदम सिद्ध होगा।
देवांगन ने कहा कि इस निर्णय से विद्यालय की अधोसंरचना मजबूत होगी, शिक्षा का स्तर सुधरेगा तथा क्षेत्र के समग्र शैक्षणिक विकास को नई गति मिलेगी। उन्होंने क्षेत्र की जनता की ओर से राज्य सरकार के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया।

