धमतरी में 17 नई शराब दुकानों की खबर भ्रामक, प्रशासन ने किया स्पष्ट
आबकारी अधिकारी बोले, नई दुकानें नहीं, नीति अनुसार स्थानांतरण व स्वरूप परिवर्तन का प्रस्ताव; अफवाहों पर न करें विश्वास
उत्तम साहू
धमतरी, 25 फरवरी 2026। सोशल मीडिया पर धमतरी जिले के 17 गांवों में नई शराब दुकानें खोले जाने संबंधी चल रहे प्रचार को जिला प्रशासन ने भ्रामक और तथ्यहीन बताया है। जिला आबकारी अधिकारी ने स्पष्ट किया है कि जिले में 17 नई शराब दुकानों को किसी भी प्रकार की स्वीकृति प्रदान नहीं की गई है।
आबकारी कार्यालय से जारी जानकारी के अनुसार, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत को पत्र क्रमांक आब./2026/88 दिनांक 19 जनवरी 2026 के माध्यम से अवगत कराया गया था कि जिले में वर्तमान में 4 को-लोकेटेड मदिरा दुकानें संचालित हैं। आबकारी नीति वर्ष 2025-26 की कंडिका 5.2 के तहत इन दुकानों का युक्तियुक्तकरण करते हुए आवश्यकतानुसार किसी दुकान को मदिरा-विहीन क्षेत्र में स्थानांतरित कर उसके स्वरूप में परिवर्तन किए जाने का प्रस्ताव है।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यह प्रक्रिया नई दुकानें खोलने से संबंधित नहीं है, बल्कि नीति के अनुरूप स्थानांतरण और संरचना परिवर्तन से जुड़ी प्रशासनिक कार्रवाई है। इसलिए 17 नई शराब दुकानें खोले जाने की खबर पूरी तरह निराधार है।
आबकारी आयुक्त छत्तीसगढ़ के निर्देशानुसार संभावित स्थानांतरण के मामलों में जिला स्तरीय स्थायी समिति द्वारा जनहित, कानून-व्यवस्था, अवैध मदिरा विक्रय पर नियंत्रण तथा शासकीय राजस्व जैसे पहलुओं को ध्यान में रखकर निर्णय लिया जाता है। इसी क्रम में मदिरा-विहीन क्षेत्रों की ग्राम पंचायतों से आवश्यक अनापत्ति प्रमाण-पत्र (NOC) प्राप्त करने हेतु सूची भेजी गई है।
प्रशासन ने बताया कि इस प्रक्रिया का उद्देश्य अवैध शराब बिक्री पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना और केवल अधिकृत मदिरा की उपलब्धता सुनिश्चित करना है। किसी भी अंतिम निर्णय से पहले संबंधित ग्राम पंचायतों की सहमति, प्रशासनिक परीक्षण तथा सभी वैधानिक औपचारिकताओं का पालन किया जाएगा।
जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपुष्ट और भ्रामक सूचनाओं पर विश्वास न करें तथा किसी भी जानकारी के लिए केवल अधिकृत शासकीय स्रोतों पर ही भरोसा करें।

