होली से पहले किसानों को बड़ी सौगात: धमतरी के 1.24 लाख किसानों के खाते में आएंगे 434.77 करोड़ रुपए
उत्तम साहू
धमतरी, 27 फरवरी 2026। होली से पहले किसानों को बड़ी राहत देते हुए राज्य सरकार ने धान के अंतर की राशि जारी करने का निर्णय लिया है। पूरे प्रदेश में 10 हजार करोड़ रुपए से अधिक की राशि किसानों के बैंक खातों में सीधे अंतरित की जाएगी। इस क्रम में धमतरी जिले के 1 लाख 24 हजार 423 धान उत्पादक किसानों को 434.772 करोड़ रुपए (43477.20 लाख) की अंतर राशि प्राप्त होगी।
उप संचालक कृषि ने बताया कि जिले में इस वर्ष 1,24,423 किसानों से कुल 59 लाख 64 हजार 994 क्विंटल धान की खरीदी की गई है। खरीदे गए धान की कुल राशि 1,41,437.62 लाख रुपए (1414.3762 करोड़) रही। राज्य सरकार द्वारा किसानों से प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से खरीदा जा रहा है, जो देश में सर्वाधिक समर्थन मूल्य में से एक है।
प्रदेश स्तर पर इस वर्ष 25 लाख 24 हजार किसानों से 141 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी की गई है। धान के अंतर की राशि का अंतरण फरवरी में बिलासपुर जिले से किया जाएगा। इस अवसर को प्रदेशभर में उत्सव के रूप में मनाने की तैयारी है।
धमतरी जिले में भी विभिन्न विकासखंडों में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। धमतरी में नई कृषि उपज मंडी श्यामतराई, कुरूद में नई कृषि उपज मंडी, मगरलोड विकासखंड के मधुबन धाम रांकाडीह तथा नगरी विकासखंड की कृषि उपज मंडी में विशेष कार्यक्रम आयोजित होंगे।
होली पर्व से पहले किसानों के खातों में अंतर राशि पहुंचने से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी और किसानों में उत्साह का माहौल रहेगा।

