शिवध्वज है “आध्यात्मिक जागरण और विश्व कल्याण का प्रतीक” – राजयोगिनी बी.के. सरिता दीदी
उत्तम साहू
धमतरी। ग्राम बिरगुड़ी स्थित प्रभु स्मृति भवन में ब्रह्माकुमारीज के तत्वावधान में शिव ध्वजारोहण कार्यक्रम श्रद्धा, गरिमा और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामवासी एवं संस्था से जुड़े सदस्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जनपद पंचायत अध्यक्ष श्री महेश गोटा थे। विशिष्ट अतिथियों में उपसरपंच श्री अकबर कश्यप, राधेश्याम लाल नाग, नरेंद्र कश्यप, देव पुजारी यशवंत नाग, बुधार लाल ध्रुव, रूप लाल नाग सहित ब्रह्माकुमारी भावना बहन एवं फुलेश्वरी बहन शामिल रहे। सभी अतिथियों ने विधिवत पूजा-अर्चना एवं वंदना के साथ शिव ध्वज फहराकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर बी.के. सरिता, मुख्य संचालिका ब्रह्माकुमारीज जिला धमतरी, ने अपने दिव्य उद्बोधन में कहा कि शिव ध्वज आध्यात्मिक जागरण, शांति और विश्व कल्याण का प्रतीक है। उन्होंने महाशिवरात्रि के आध्यात्मिक रहस्य पर प्रकाश डालते हुए बताया कि शिव निराकार ज्योति बिंदु परमपिता परमात्मा हैं, जो अज्ञान रूपी अंधकार को मिटाकर ज्ञान का प्रकाश फैलाते हैं। “रात्रि” अज्ञान का प्रतीक है और महाशिवरात्रि का वास्तविक अर्थ अज्ञान से ज्ञान की ओर बढ़ना है।
मुख्य अतिथि श्री महेश गोटा ने कहा कि शिव ध्वज शांति, पवित्रता, सद्भावना और नैतिक मूल्यों का संदेश देता है। आज के परिवेश में समाज को आध्यात्मिक चेतना और सकारात्मक सोच की आवश्यकता है, जिसे ब्रह्माकुमारी संस्था प्रभावी रूप से जन-जन तक पहुंचा रही है।
वहीं उपसरपंच श्री अकबर कश्यप ने संस्था के कार्यों की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायी बताया।
कार्यक्रम के दौरान शिवमयी नृत्य प्रस्तुतियों ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया। अंत में सभी अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया तथा उपस्थित जनों को ईश्वरीय प्रसाद वितरित किया गया।
दीदी जी ने सभी को केंद्र पर नियमित रूप से आकर ईश्वरीय ज्ञान सुनने एवं राजयोग ध्यान सीखने का स्नेहिल आमंत्रण भी दिया।


