कोसरिया धोबी समाज ने मनाई 150वीं संत गाडगे बाबा जयंती, निकाली भव्य शोभायात्रा

0

 कोसरिया धोबी समाज ने मनाई 150वीं संत गाडगे बाबा जयंती, निकाली भव्य शोभायात्रा


उत्तम साहू 

नगरी-सिहावा। कोसरिया धोबी समाज सिहावा परिक्षेत्र द्वारा 23 फरवरी को संत शिरोमणि संत गाडगे बाबा की 150वीं जयंती हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ मनाई गई। इस अवसर पर सामाजिक भवन हिंछापुर (नगरी) में नगरी, सांकरा, हिंछापुर, भोथली सहित आसपास के गांवों से समाज के स्वजातीय बंधु, माताएं एवं बहनें बड़ी संख्या में एकत्रित हुए।


कार्यक्रम की शुरुआत संत गाडगे बाबा के चित्र पर पूजा-अर्चना से हुई। इसके बाद माताओं द्वारा भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जो ग्राम हिंछापुर की गलियों से होते हुए “संत गाडगे बाबा अमर रहें” और “धोबी समाज की जय” के जयकारों के साथ पुनः सामाजिक भवन पहुंची।


शोभायात्रा के पश्चात आयोजित विचार संगोष्ठी में वक्ताओं ने संत गाडगे बाबा के जीवन, विचारों और समाज सुधार कार्यों पर प्रकाश डाला। महासभा अध्यक्ष शारदा प्रसाद ग्वाले ने कहा कि संत गाडगे बाबा स्वच्छता के जनक और शिक्षा के अग्रदूत माने जाते हैं। उन्होंने महाराष्ट्र में जनसहयोग से अनेक विद्यालयों का निर्माण कराया तथा लोगों को शिक्षा और स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। उनका संदेश था कि साधन कम हों तो भी बच्चों की शिक्षा कभी न रोकें। वे धर्म के विरोधी नहीं थे, परंतु धर्म के नाम पर पाखंड और अंधविश्वास का हमेशा विरोध करते थे तथा जहां भी जाते, स्वयं झाड़ू उठाकर सफाई करने का संदेश देते थे।


उन्होंने समाज के लोगों से संत गाडगे बाबा के बताए मार्ग पर चलने, सामाजिक सद्भाव और भाईचारा बनाए रखने का आह्वान किया। संगोष्ठी के बाद सभी उपस्थितजनों को प्रसादी वितरित की गई।


कार्यक्रम के अंत में आगामी 1 मार्च 2026 को आयोजित होने वाले महाधिवेशन की रूपरेखा तैयार की गई। सिहावा परिक्षेत्र अध्यक्ष कोमल नागे ने प्रत्येक परिवार से एक सदस्य की उपस्थिति अनिवार्य बताते हुए महासभा राशि जमा करने की जानकारी दी।






Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !