🟣 शांति सरोवर में स्नेह मिलन, मुख्यमंत्री साय सहित मंत्री-विधायक रहे शामिल
ब्रह्मा भोजन में सियासत और आध्यात्म का संगम, दिखी आत्मीयता की मिसाल
रायपुर। नया रायपुर स्थित शांति सरोवर में सोमवार को आध्यात्म और जनप्रतिनिधियों का अनूठा संगम देखने को मिला, जब मुख्यमंत्री विष्णु देव साय छत्तीसगढ़ विधानसभा के सदस्यों के लिए आयोजित स्नेह मिलन एवं ब्रह्मा भोजन कार्यक्रम में शामिल हुए। यह आयोजन प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय द्वारा किया गया था।
मुख्यमंत्री साय ने ब्रह्माकुमारी बहनों के सेवा भाव, स्नेह और आत्मीयता की सराहना करते हुए कहा कि विधानसभा सदस्यों के लिए हर वर्ष ब्रह्मा भोजन का आयोजन एक सुंदर, प्रेरणादायी और सकारात्मक परंपरा बन चुका है। उन्होंने कहा कि संस्था देश-विदेश में नैतिक मूल्यों, आध्यात्मिक जागरूकता और आत्मिक शांति के प्रसार में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
साय ने शांति सरोवर और शांति शिखर जैसे आध्यात्मिक केंद्रों को सकारात्मक ऊर्जा का स्रोत बताते हुए कहा कि संस्था का 137 से अधिक देशों में विस्तार होना इसकी वैश्विक स्वीकार्यता को दर्शाता है। उन्होंने महिलाओं के सशक्तिकरण तथा जनजातीय क्षेत्रों में सामाजिक-आर्थिक उत्थान के लिए संस्था के कार्यों की भी सराहना की।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने ब्रह्माकुमारी परिवार के साथ पवित्र ब्रह्मा भोजन ग्रहण किया। इस अवसर पर नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत, वन मंत्री केदार कश्यप, कृषि मंत्री रामविचार नेताम, विधायक धरमलाल कौशिक सहित कई मंत्री, विधायक और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
ब्रह्माकुमारी बहनों ने मुख्यमंत्री और विधानसभा सदस्यों को माउंट आबू आने का निमंत्रण दिया, जिसे मुख्यमंत्री साय ने सहर्ष स्वीकार किया। कार्यक्रम में संस्था के मृत्युंजय भाई, आत्म प्रकाश भाई, हेमलता दीदी, लता दीदी, आशा दीदी, सरिता दीदी और सविता दीदी सहित अनेक सदस्य शामिल हुए।

