रामनगर नगरी में शिव जयंती पर आध्यात्मिक कार्यक्रम आयोजित
उत्तम साहू
नगरी। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय नगरी द्वारा रामनगर क्षेत्र में 90वीं शिव जयंती के अवसर पर भक्ति एवं आध्यात्मिक जागरण का कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत शिवलिंग पर फूल एवं बेलपत्र अर्पित कर पूजा-अर्चना से हुई।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में नगर पंचायत नगरी की पार्षद श्रीमती मिक्की गुप्ता उपस्थित रहीं। साथ ही श्रीमती सीमा तिवारी, श्रीमती रेखा ठाकुर, राजयोगिनी ब्रह्माकुमारी भावना बहन, ब्रह्माकुमारी कमलेश्वरी बहन सहित संस्था के भाई-बहन और वार्ड के अनेक गणमान्य नागरिक कार्यक्रम में शामिल हुए। बाद में प्रभुलाल भाई के निवास पर शिव ध्वज भी फहराया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राजयोगिनी भावना बहन ने महाशिवरात्रि के आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह निराकार परमपिता शिव के अवतरण का पावन पर्व है, जो अज्ञान के अंधकार से ज्ञान के प्रकाश की ओर बढ़ने का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि इस दिन हमें अपने भीतर की बुराइयों का त्याग कर प्रेम, शांति, सुख और आनंद जैसे दिव्य गुणों को अपनाना चाहिए। उन्होंने बताया कि विवेकानंद वार्ड स्थित ब्रह्माकुमारी राजयोग सेवाकेंद्र में प्रतिदिन ज्ञान एवं राजयोग की शिक्षा दी जाती है, जिसका लाभ सभी को लेना चाहिए।
मुख्य अतिथि श्रीमती मिक्की गुप्ता ने सभी उपस्थित लोगों को शिव जयंती की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम के अंत में अतिथियों को आध्यात्मिक प्रतीक चिन्ह भेंट किए गए तथा प्रसाद वितरण किया गया।



